
नईदुनिया न्यूज, वारासिवनी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आलेझरी, वारासिवनी में अनियमितता के मामले में भृत्य अनमोल बघेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
प्रभारी प्राचार्य संजय पांडेय को भविष्य में ऐसी अनियमितता न होने देने की चेतावनी दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी धनश्री जैन ने बताया कि शिकायत की जांच विकासखंड शिक्षा अधिकारी वारासिवनी से कराई गई।
जांच में पाया गया कि अनमोल बघेल नियुक्ति के बाद से नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित नहीं रहते थे। वह ई-अटेंडेंस लगाने के बाद विद्यालय से चले जाते और शाम पांच बजे के बाद लागआउट करते थे।
इस दौरान वे अपने विद्यालयीन दायित्वों का निर्वहन भी नहीं करते थे। जांच में यह भी सामने आया कि नियमित भृत्य पदस्थ होने के बावजूद साफ-सफाई का काम एक निजी व्यक्ति से कराया जा रहा था, जिसे प्रतिमाह पांच हजार रुपये दिए जाते थे।
जांच प्रतिवेदन और संबंधितों के जवाबों के परीक्षण में आरोप प्रमाणित पाए गए। नियमित भृत्य से काम न लेने और निजी व्यक्ति से कार्य कराने पर प्राचार्य को चेतावनी दी गई है। निजी व्यक्ति ने लिखित बयान में इसकी पुष्टि की।
यह भी पढ़ें- अफगान नागरिकों के फर्जी पासपोर्ट के तार जबलपुर से दमोह तक जुड़े, कार्यालय में खंगाले दस्तावेज