
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। तीन अफगान नागरिकों के फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के मामले की जांच अब जबलपुर से निकलकर दमोह के पासपोर्ट सेवा केंद्र तक पहुंच गई है।
कोलकाता से पकड़कर जबलपुर लाए गए तीनों आरोपियों के पासपोर्ट दमोह से तैयार हुए थे। इस खुलासे के बाद एंटी टेररिस्ट स्क्वायड (एटीएस) की टीम आरोपियों को लेकर दमोह पहुंची और पासपोर्ट कार्यालय में दस्तावेजों की छानबीन की। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट जारी कराने में किस स्तर पर मदद की गई।
एटीएस यह पता लगा रही है कि तीनों की पासपोर्ट फाइल किन-किन अधिकारियों और कर्मचारियों के पास से गुजरी थी। आवेदन के साथ लगाए गए दस्तावेजों की जांच किसने की और सत्यापन की प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका रही, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
कोलकाता से पकड़कर जबलपुर लाए गए अफगान नागरिक असलम खान (42), अब्दुल बारी (41) और अयूब खान (50) को एटीएस ने गिरफ्तार कर 23 नवंबर तक रिमांड पर लिया है। अब तक की जांच में जबलपुर के छोटी ओमती से पूर्व में पकड़े गए अफगान नागरिक सोहबत खान की भूमिका भी अहम मानी जा रही है।
आरोपियों ने उसे कमीशन देकर पासपोर्ट हासिल किए थे। अब उसके संपर्कों और नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। एटीएस तीनों के भारत आने, यहां रहने और वीजा आवेदन से जुड़े रिकार्ड भी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन शामिल है।
यह भी पढ़ें- एमपी के 55 जिलों में 3.76 लाख लोगों को समाधान का इंतजार, सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतें लंबित, भोपाल सबसे फिसड्डी