
नईदुनिया न्यूज, बालाघाट/कटंगी। देर रात तक मोबाइल चलाने की बात को लेकर हुए विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक 27 वर्षीय नवविवाहिता सुषमा राऊत की जान चली गई।
आरोप है कि पति ने आवेश में आकर अपनी ही पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति दिनेश राऊत 32 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सुषमा राऊत का मायका ग्राम बोथवा में है। वर्ष 2023 में उसका विवाह ग्राम सिवनहेटी निवासी दिनेश राऊत के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था।
दिनेश मजदूरी का काम करता है। विवाह के बाद दोनों पति-पत्नी अलग रहने लगे थे। उनके कोई बच्चे नहीं थे। दिनेश की मां और भाई भी उसी मकान में अपने-अपने परिवार के साथ अलग-अलग रहते हैं।
बताया गया कि हाल ही में सुषमा अपने मायके पक्ष के गांव सादाबोड़ी गई हुई थी। 17 नवंबर की दोपहर वह वापस अपने ससुराल ग्राम सिवनहेटी पहुंची थी। रात में पति-पत्नी ने साथ बैठकर भोजन किया और इसके बाद सोने के लिए बिस्तर पर चले गए।
सुषमा मोबाइल चला रही थी, जबकि उसका पति दिनेश सो गया था। रात करीब 12:30 बजे दिनेश की नींद खुली, तो उसने देखा कि सुषमा उस समय भी मोबाइल चला रही थी। देर रात तक मोबाइल चलाने को लेकर दिनेश ने उसे मना किया।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर दिनेश ने सुषमा का गला दबा दिया। दम घुटने से सुषमा की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- ट्रैक्शन मोटर के सेंसरों की एक साथ होगी जांच, न्यू कटनी में आधुनिक टेस्ट बेंच शुरू