
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। ट्रेनों के सुरक्षित और निर्बाध संचालन के लिए पश्चिम मध्य रेल ने रेल इंजनों की रखरखाव व्यवस्था को और आधुनिक बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
जबलपुर मंडल के न्यू कटनी जंक्शन स्थित विद्युत लोको शेड में ट्रैक्शन मोटर के तापमान सेंसरों की जांच के लिए आधुनिक ‘टेम्परेचर सेंसर टेस्ट किट’ टेस्ट बेंच कमीशन की गई है। इससे इलेक्ट्रिक रेल इंजनों की सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
मोटर का तापमान निर्धारित सीमा से अधिक होने पर इंजन की सुरक्षा प्रणाली को इसकी जानकारी मिलती है। ऐसे में सेंसरों का सही तरीके से काम करना बेहद जरूरी है।
इसकी विशेषता यह है कि एक बार में अधिकतम छह तापमान सेंसरों की एक साथ टेस्टिंग संभव होगी। इससे जांच की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनेगी और रखरखाव में लगने वाला समय भी कम करने में मदद मिलेगी।
सेंसरों की सटीक कार्यक्षमता सुनिश्चित होने से ट्रैक्शन मोटर की निगरानी और इंजन की प्रोटेक्शन प्रणाली अधिक भरोसेमंद बनेगी। इसका सीधा लाभ रेल परिचालन की सुरक्षा और विश्वसनीयता को मिलेगा। पश्चिम मध्य रेल द्वारा आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से लोको शेड की सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- कार में छिपे युवक को तोड़फोड़ के बाद बाहर घसीटा, बेसबाॅल स्टिक से सिर पर किया हमला; जबलपुर की घटना