
नईदुनिया प्रतिनिधि,बालाघाट। जिले के तिरोड़ी थाना क्षेत्र में करीब 20 दिन पूर्व दिनदहाड़े हुई महिला की बेरहमी से हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
इस अंधे कत्ल की गुत्थी एक चोरी की वारदात के दौरान छूटी मोटरसाइकिल से सुलझी। पुलिस ने आरोपी रुपेश मरकाम (21) निवासी ग्राम जामरापानी, तिरोड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी तिरोड़ी मायल की ब्लास्टिंग खदान में दैनिक वेतनभोगी कर्मी के रूप में कार्यरत था।
पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी की पत्नी का प्रसव महाराष्ट्र के तुमसर स्थित अस्पताल में हुआ था। प्रसव के दौरान और उसके बाद इलाज के लिए उसे रुपयों की जरूरत थी। पैसों की तंगी के चलते उसने पहले हत्या और फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 50 एमक्यू 8850 से मायल तिरोड़ी की खदान क्रमांक 50-52 पहुंचा था। घटना का सिलसिला 8 दिसंबर से शुरू हुआ
दोपहर करीब 12.30 बजे उसने अपनी बाइक मैगजीन के पास खड़ी की और रेलवे पटरी की ओर चला गया। तालाब के पास दोपहर करीब 1 बजे उसने एक महिला को भैंस चराते हुए देखा। महिला के कान में सोने की बाली और गले में मंगलसूत्र देखकर उसके मन में लालच आ गया।
आरोपी ने कुछ देर तक महिला काे देखा और मौका देखकर खेत की फेंसिंग से लकड़ी का मोटा डंडा निकाल लिया। इसके बाद उसने पीछे से महिला के सिर पर लगातार वार कर दिए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने महिला के दाहिने कान का सोने का टॉप्स और गले से मंगलसूत्र लूट लिया और डंडे को पास की झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिल रहा था।
हत्या की विवेचना के बीच बोनकट्टा में एक सूने मकान में चोरी की घटना हुई। आरोपी ने सूने मकान का दरवाजा तोड़कर वहां से एक सोने का मंगलसूत्र, एक अंगूठी और एक जोड़ी कान के बाले चुराए। चोरी के दौरान कुछ लोगों के आ जाने से वह घबरा गया और अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर भाग निकला।
पुलिस को मौके से मिली बाइक के आधार पर जब चोर तक पहुंचने की कोशिश की गई तो जांच का तार तिरोड़ी के अंधे कत्ल से जुड़ गया।पूछताछ में आरोपी ने हत्या और चोरी दोनों वारदातों को कबूल कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या के बाद लूटे गए जेवर आरोपी ने कटंगी के एक ज्वेलर के पास करीब 25 हजार रुपये में गिरवी रख दिए थे, जबकि बोनकट्टा से चोरी किए गए जेवर उसने सिवनी में बेच दिए थे। पुलिस ने कटंगी स्थित ज्वेलर की दुकान से जेवर जब्त कर लिए हैं और आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि एक छोटी सी लापरवाही यानी मौके पर छूटी बाइक ने एक जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है और आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दूसरे दिन भी बरसाईं गोलियां, चाकू से हमला कर भाइयों से छह हजार रुपये लूटे