
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। महाराष्ट्र के नागपुर में पांच दिन पहले हुई बड़ी लूट की वारदात का कनेक्शन अब मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के वारासिवनी तहसील अंतर्गत ग्राम डोरली से जुड़ गया है। मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी की निशानदेही पर डोरली पहुंची।
आरोपी ने अपने एक परिचित के खेत में पैरे के ढेर के नीचे लूट की रकम छिपाकर रखी थी। आरोपी ने करीब चार दिन पहले तीन बोरियों में नकदी भरकर खेत में छिपाई थी। क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों बोरियां बरामद की हैं। शुरुआती जानकारी में बरामद रकम चार करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

फिलहाल ग्राम पंचायत डोरली में नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम बरामद नकदी की गिनती कर रही है। मामले की पुष्टि वारासिवनी टीआइ अनूप कुमार उइके ने भी की है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की जा रही है, जबकि स्थानीय पुलिस सहयोगी के रूप में मौके पर मौजूद है।
नागपुर की लूट की रकम बालाघाट के खेत में कैसे पहुंची, आरोपित ने किसके पास नकदी छिपाई और इस वारदात में अन्य कौन-कौन शामिल हैं, इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच के बाद सामने आएंगे।
यह भी पढ़ें- 'पुलिस तय नहीं करेगी कि कहां कराएं इलाज', MP High Court ने सरकार की दलील को बताया हास्यास्पद