
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नागरिक को अपनी पसंद के अस्पताल में इलाज कराने का अधिकार है। पुलिस यह तय नहीं कर सकती कि कोई व्यक्ति कहां उपचार कराए।
न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल की एकलपीठ ने राज्य सरकार की उस दलील को हास्यास्पद बताया, जिसमें पीड़ितों के नागपुर के निजी अस्पताल में उपचार कराने पर सवाल उठाए गए थे।
कोर्ट ने डीजीपी की ओर से दायर सभी छह अपीलें खारिज करते हुए प्रत्येक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। मामला पांच अप्रैल 2024 का है। मंडला निवासी एक परिवार नागपुर से उपचार कराकर कार से लौट रहा था। रात करीब 1:15 बजे केवलारी के पास पुलिस बस ने कार को टक्कर मार दी।
हादसे में चालक काजू महोबिया सहित निखलेश जसवानी और कन्हैया जसवानी की मृत्यु हो गई थी। पुलिस की ओर से दलील दी गई कि घायलों ने नागपुर के बड़े अस्पतालों में उपचार कराकर भारी-भरकम मेडिकल बिल बनवाए, जबकि मंडला जिला अस्पताल में भी इलाज संभव था।
कोर्ट ने सवाल उठाया कि मरीज कहां उपचार कराएगा, यह पुलिस कैसे तय कर सकती है। सरकार मेडिकल बिलों को फर्जी साबित करने या दुर्घटना के लिए पीड़ितों की गलती प्रमाणित करने में भी विफल रही। मंडला मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने मृतकों के परिजनों को 48.26 लाख और चालक के परिवार को 18.19 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया था।
हाई कोर्ट ने इसे बढ़ाकर क्रमशः 60.32 लाख और 23.45 लाख रुपये कर दिया। कोर्ट के इस फैसले ने स्पष्ट किया कि दुर्घटना पीड़ितों को बेहतर चिकित्सा सुविधा चुनने की स्वतंत्रता है और केवल उपचार पर अधिक खर्च होने के आधार पर मुआवजे के दावे को खारिज नहीं किया जा सकता।