
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बालाघाट पहुंचकर मप्र सरकार पर जमकर गरजे। उन्होंने कहा- सरकार, कुपोषण से लेकर पोषण आहार, हर क्षेत्र में आंकड़े छिपा रही है। सरकार बच्चों की मौत पर लीपापोती कर रही है। छिंदवाड़ा में कफ सीरप पीने से 26 बच्चों की मौत हो गई, सागर में जहरीली शराब पीने से 100 लोगों की मौत हो गई।
हैरानी की बात है कि किस जगह सरकार ने किसी भी जवाबदारी तय नहीं की है। कुपोषण की बुरी स्थिति सिर्फ बालाघाट में नहीं है, बल्कि झाबुआ, शिवपुरी, आलीराजपुर, मंडला, डिंडौरी जैसे जिलों में भी कुपोषण हावी है। सरकार ने मप्र में मौत की फैक्ट्री डाल दी है।

बालाघाट पहुंचने से पहले पटवारी किरनापुर में आयोजित प्रदर्शन में भी पहुंचे। वहां से सर्किट हाउस में पत्रकारवार्ता ली और आंबेडकर चौक रोड पर मंचीय कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां से जीतू पटवारी की अगुवाई में कांग्रेसियों ने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए ‘न्याय यात्रा’ निकाली। जनसभा में जिलेभर से कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल हुए।
जीतू पटवारी ने कहा- बालाघाट के चर्चित चावल घाेटाले में भाजपा के पूर्व मंत्री के परिवार के लोग गिरफ्तार हुए, कुछ फरार हैं। मप्र में चारों तरफ भ्रष्टाचार का कैंसर फैला है। उसी कारण से बैगा बच्चों की मौत हुई है।
कांग्रेस के आदिवासी विधायकों ने सदन में बैगा-आदिवासी जनजाति को लेकर 500 प्रश्न पूछे हैं, लेकिन सरकार सुनना ही नहीं चाहती। सरकार को इस विषय पर सकारात्मकता के साथ सोचना चाहिए। मेरी मांग है कि कुपोषण प्रभावित आदिवासी जिलों में सघन अभियान चलाए। इसमें बजट का प्राविधान करे।
आदिवासियों के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार जैसे मुद्दों पर कांग्रेस ने मप्र के हर आदिवासी ब्लाक में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। जीतू पटवारी ने कहा- स्वास्थ्य, कुपोषण, गरीबी और रोजगार इन चारों मुद्दों पर कांग्रेस आंदोलन करेगी। इन ब्लाकों में धरना प्रदर्शन होगा, अधिकारियों को घेरा जाएगा।
हर ब्लाक में जन जागरूकता लाना होगा। आदिवासी समाज से भी आग्रह करूंगा कि वह आधुनिक व्यवस्था को अपनाएं। पटवारी ने आगे कहा- बालाघाट में स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री आए, लेकिन उन्होंने ऐसी कोई पहल नहीं की, जिसमें हम सराहना कर सकें।
जनसभा में आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, विधायक संजय उइके, विवेक विक्की पटेल, मधु भगत, कांग्रेस नेत्री पुष्पा बिसेन, शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पंजवानी सहित अन्य माैजूद रहे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के अधारताल स्टेशन के यार्ड में खड़ी ट्रेन से चोरी कर रहे थे तांबे का तार, आठ गिरफ्तार