
नईदुनिया न्यूज, वारासिवनी। वारासिवनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक-दो के पास झांड़ियों में एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती की पहचान 27 वर्षीय काजल बिसेन के रूप में हुई है।
पुलिस को शव के पास कीटनाशक और सुसाइड नोट मिला है। इससे मामला आत्महत्या का स्पष्ट हो रहा है। हालांकि, पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस अंतिम नतीजे पर पहुंचेगी।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को प्लेटफार्म के पास खाली भूमि पर युवती का शव मिलने की खबर लगते ही वहां भीड़ जमा हो गई। वारासिवनी थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
बालाघाट से रेलवे पुलिस की टीम भी घटनास्थल पहुंची और साक्ष्य एकत्रित किए। मृतका के बैग में एक कापी मिली, जिसमें उसका नाम और पता लिखा था। इसके बाद पुलिस ने स्वजन को सूचना दी।
भाई रोहित ने बताया कि काजल गोंदिया के एक निजी अस्पताल में कार्यरत थी। जन्माष्टमी पर वह घर आई थी। सोमवार को गोंदिया जाने के लिए राेहित ने काजल को वारासिवनी रेलवे स्टेशन छोड़ा था। अगले दिन काजल दोबारा वारासिवनी पहुंची और रोहित को फोन पर इसकी सूचना दी, लेकिन इसके बाद काजल से फोन संपर्क टूट गया।
वारासिवनी थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके ने बताया कि शुक्रवार को स्वजनों के बयान लिए गए। मामला आत्महत्या का लग रहा है। फिलहाल, पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 5 सितंबर से खाली प्लॉट में छिपा था, पानी निकाला तो मगरमच्छ सड़क पर आया