'हम यहां के नेता हैं, थाना जाओगी तो हाथ-पैर तोड़ देंगे', बालाघाट के भाजयुमो जिलाध्यक्ष पर भाभी से मारपीट का आरोप
भाजपा ने बालाघाट में अमन गांधी को भाजयुमो का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है, लेकिन पद मिलने के दो घंटे बाद ही नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विवादों से घिर गए।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 05:14:57 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 05:24:59 PM (IST)
HighLights
- बालाघाट में अमन गांधी को भाजयुमो का जिलाध्यक्ष बनाया है
- मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
- ससुर पर बाल पकड़कर जमीन पर गिराने का आरोप
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। भाजपा ने गुरुवार रात मध्य प्रदेश के 19 जिलों के भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष और महामंत्री के नामों की घोषणा की। बालाघाट में अमन गांधी को भाजयुमो का जिलाध्यक्ष और पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल के पुत्र प्रबल जायसवाल को महामंत्री नियुक्त किया गया है, लेकिन पद मिलने के दो घंटे बाद ही नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विवादों से घिर गए।
मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
अमन गांधी पर उनकी भाभी पूजा गांधी ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, गुरुवार रात जिलाध्यक्ष की घोषणा के बाद घर के सामने भीड़ जमा हो गई। लोग पटाखे जला रहे थे और घर में शराब पार्टी चल रही थी।
पूजा ने पार्टी करते ससुर कुलदीप गांधी की फोटो खींच ली और पार्टी का विरोध किया। इसके बाद, अमन गांधी, विजय गांधी, कुलदीप गांधी ने पूजा और उनके पति अभिषेक के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। पूजा ने रात 10.30 बजे कोतवाली पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। मामले में कोतवाली पुलिस जांच कर रही है। ‘नईदुनिया’ को अमन गांधी ने बताया कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता।
हम यहां के नेता हैं, थाना जाओगी तो हाथ-पैर तोड़ देंगे
स्टेशन रोड निवासी पूजा गांधी ने बताया कि छह साल पहले मेरी शादी हुई थी, तब से मैं ससुराल में प्रताड़ना झेल रही हूं। देवर अमन गांधी, ससुर कुलदीप गांधी कहते हैं कि हम यहां के नेता हैं। थाना जाओगी तो हाथ-पैर तोड़ देंगे। गुरुवार रात देवर के जिलाध्यक्ष बनने पर जब घर के बाहर लोग जश्न मना रहे थे, तब मैं छत पर करवाचौथ की पूजा कर रही थी। नीचे आकर देखा तो घर में शराब पार्टी चल रही थी।
आरोपः ससुर ने बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया
विरोध किया तो ससुर ने बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। फिर अमन, कुलदीप, विजय गांधी ने मेरे व पति के साथ मारपीट कर दी। ससुराल वाले अक्सर ताने मारते हैं। मेरे माता-पिता को अपशब्द कहते हैं। पूजा ने कहा कि कि मुझे, पति और मेरे छह साल के बच्चे की जान को खतरा है, इसलिए पुलिस सुरक्षा दे। पूजा ने 22 अगस्त को भी ससुरालवालों के खिलाफ महिला थाने में शिकायत की थी।