बालाघाट में पत्नी को बचाने कुएं में कूदा पति, हादसे में दोनों की मौत; पुलिस ने निकाले शव
सीताडोंगरी में रविवार को कुएं में गिरी पत्नी को बचाने के लिए कूदा पति की भी मौत हो गई।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 12:08:54 AM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 12:08:54 AM (IST)
सीताडोंगरी में पति-पत्नी की मौत, फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- सीताडोंगरी में पति-पत्नी की मौत
- पत्नी बचाने कुएं में कूदा था पति
- पुलिस ने निकाले दोनों के शव
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट/बैहर। बालाघाट जिले के बैहर थाना क्षेत्र के ग्राम सीताडोंगरी में रविवार को कुएं में गिरी पत्नी को बचाने के लिए कूदा पति की भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव कुएं से बरामद किए।
बताया गया कि अंजोर सिंह पिता धरमसिंह उइके 52 वर्ष के घर के आंगन में पत्थर का कुआं है। इसमें लगी मोटर तीन-चार दिन से खराब थी। रविवार दोपहर करीब दो बजे शांति बाई उइके 48 वर्ष बाल्टी से पानी निकाल रही थीं, तभी वह कुएं में गिर गई।
दंपति के पांच बच्चे
उन्हें बचाने के लिए पति अंजोर सिंह ने कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकल पाए। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। दंपती के पांच लड़के हैं और परिवार के सभी सदस्य साथ रहते हैं।
गांव में दौड़ी शोक की लहर
एक ही परिवार में दंपती की मौत होने से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना के संबंध में थाना प्रभारी दीपिका सिंगौर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस बल ने दोनों के शव कुएं से बरामद किए। देर शाम होने की वजह से दोनों शव का पोस्टमार्टम सोमवार को किया जाएगा।