
नईदुनिया न्यूज, बालाघाट। लांजी के बड़गांव-क स्थित विष्णुटोला प्राथमिक शाला में पांचवीं कक्षा के छात्र द्वारा गणित का प्रश्न हल नहीं कर पाना शिक्षक को इतना नागवार गुजरा कि उसने छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी।
शिक्षक रूपचंद खरे पर छात्र कृष्णा घोरमारे को छड़ी से पीटने का आरोप है। छात्र के परिवार की शिकायत पर लांजी पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मारपीट की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
छात्र से मारपीट की ये घटना बुधवार की है। जब परिजनों को छात्र की चोट का पता चला, तो उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
जब शिक्षक रूपचंद खरे से पूछा गया तो उसने गिरने से चोट लगने की बात कही। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस जांच के लिए सूचना भेज दी है। पूछने पर कृष्णा रोने लगा और पूरी घटना बताई।
स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र जब घर पहुंचा, तो दादी ने उसे स्कूल के कपड़े धोने के लिए मांगे। इस दौरान कृष्णा ने शर्ट उतारी तो दादी को उसकी पीठ पर पिटाई के निशान दिखाई दिए।
लांजी थाना प्रभारी घनश्याम बैरागी ने बताया कि शिक्षक के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।