
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। विद्युत करंट लगाकर बाघ का शिकार करने के सनसनीखेज मामले में वन अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे तीन आरोपितों को 20 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपी हेमराज यादव उर्फ कुशल सिंह, वीरेंद्र उर्फ माखन सिंह कुशरे और महेश उर्फ खेल सिंह उइके सभी किरकाटोला निवासी हैं। जिन्हें न्यायालय में पेश कर उपजेल बैहर भेज दिया गया है।
बताया गया कि उत्तर सामान्य वन मंडल बालाघाट के पूर्व बैहर सामान्य के खुरमुंडी बीट के गुरार नाले के समीप सात नवंबर को 12 वर्षीय नर बाघ का शव मिला था। जांच में सामने आया था कि आरोपितों ने विद्युत करंट प्रवाहित कर बाघ का शिकार किया था।
सात नवंबर को विद्युत करंट प्रवाहित कर बाघ का शिकार किए जाने के मामले में आरोपी दल्लु सिंह पिता भसोर सिंह निवासी किरकाटोला और आरोपित लोखराम उर्फ वीर सिंह मरकाम निवासी किरकाटोला (फरार) के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 2(16), 9, 39 एवं 52 के उल्लंघन के संबंध में वन अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
इस प्रकरण में दल्लु सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था, जहां से उसे उपजेल बैहर भेजा गया था। 19 नवंबर को न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर दल्लु सिंह को वन विभाग द्वारा अभिरक्षा रिमांड पर लेकर परिक्षेत्र अधिकारी पूर्व बैहर (सा.) द्वारा पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने उक्त वन अपराध में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी एवं तथ्य बताए। उसकी निशानदेही पर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें उपजेल बैहर भेज दिया गया।
वन अपराध प्रकरण में विवेचना जारी है। फरार आरोपी की तलाश तथा बाघ के शिकार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बाघ शिकार मामले में फरार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
रेशमसिंह धुर्वे, डीएफओ, उत्तर सामान्य वन मंडल बालाघाट।
यह भी पढ़ें- जबलपुर व आसपाास के जिलों में 24 से कड़ाके की ठंड के आसार, दिन में भी सिहराएंगी सर्द हवाएं