
नईदुनिया प्रतिनिधि जबलपुर। उत्तर-पूर्वी से आ रही शीतलहर लोगाें को दिन में भी सिहराती रहीं। वातावरण में ठंडक घुली रही। शाम ढलते ही ठंड का असर बढ़ गया और लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखे।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवन का प्रभाव अब ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है।
तूफान ने गोपालपुर के निकट उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट को पार कर गया है। जो तूफान फिलहाल दक्षिणी तटीय ओडिशा और उससे लगे उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर सक्रिय है। इसके उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में ओडिशा की ओर आगे बढ़ने और अगले तीन घंटों में कमजोर होकर गहरे अवदाब तथा इसके बाद अवदाब में बदलने की संभावना है।
चक्रवाती तूफान अकवन का जबलपुर में सीधा प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके कमजोर होने के बाद बनने वाली मौसमी परिस्थितियों का अप्रत्यक्ष प्रभाव जबलपुर सहित आस-पास के जिलों में देखने को मिल सकता है।
जबलपुर में फिलहाल मौसम के सामान्य बने रहने के आसार हैं। हालांकि वातावरण में नमी और हवाओं की दिशा में बदलाव के चलते आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो गया है। यह मध्य क्षोभमंडल में पछुआ हवाओं के बीच ट्रफ के रूप में मौजूद है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मौसम में आगामी दिनों में बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जिलों में मौसम का आंशिक प्रभाव रहने की संभावना है। मौसम साफ होते ही 24 नवंबर से फिर कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार है।
यह भी पढ़ें- ट्रैक्शन मोटर के सेंसरों की एक साथ होगी जांच, न्यू कटनी में आधुनिक टेस्ट बेंच शुरू