
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट/कटंगी। बालाघाट जिले के तिरोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुर में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। गांव की एक 55 वर्षीय महिला की अज्ञात ने हत्या कर दी। महिला प्रतिदिन की तरह आज भी अपने बकरी चराने के लिए गई थी, तभी यह वारदात हुई। मृतका के शरीर से सोने के जेवरात गायब मिले हैं, जिसके चलते पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे लूट के बाद हत्या का मामला मान रही है।
खिलन बाई पति मूलचंद तुरकर 55 वर्ष ग्राम हीरापुर निवासी है। जानकारी के अनुसार, खिलन बाई रोज की तरह गुरुवार को भी अपनी बकरियां चराने के लिए गांव के बाहरी हिस्से में गई हुई थी। शाम करीब पांच बजे गांव का ही एक अन्य व्यक्ति अपने मवेशी चराने गया था, उसी ने झाड़ियों के पास महिला का शव पड़ा देखा।
शव देखते ही उसने गांव में आकर स्वजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी तुरंत तिरोड़ी पुलिस को दी गई। तिरोड़ी पुलिस टीम शाम करीब छह बजे घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया।
पुलिस ने पाया कि महिला के सोने के जेवरात गायब हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की है। इस घटना के बाद हीरापुर गांव में दहशत का माहौल है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।