
मुरारी सोनी, ओझर। आखिरकार ढाई दशक से जाम की समस्या से जूझ रहे ओझर नगरवासियों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। लंबे इंतजार के बाद ओझर में सात किलोमीटर लंबे बायपास मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। लोक निर्माण विभाग की स्थायी वित्तीय समिति (एसएससी) ने 41 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बायपास को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इसके साथ ही गवाघाटी से ओझर तक करीब तीन किलोमीटर लंबे संकरे सिंगल रोड को भी टू-लेन में परिवर्तित किया जाएगा। दोनों सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है।
बायपास की स्वीकृति से ओझर सहित आसपास के करीब 40 गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं शिखरधाम नागलवाड़ी जाने वाले श्रद्धालुओं, सब्जियों के परिवहन में लगे वाहनों तथा अन्य व्यावसायिक भारी वाहनों को नगर के भीतर लगने वाले जाम से नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे नगर के मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव भी कम होगा।
उल्लेखनीय है कि ओझर के रहवासी क्षेत्र से गुजरने वाला मार्ग ढलानयुक्त, संकरा और जोखिम भरा है। यहां आए दिन जाम की स्थिति बनती है, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इस गंभीर समस्या को लेकर नईदुनिया वर्षों से लगातार जनहित में समाचार प्रकाशित कर क्षेत्रवासियों की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाता रहा है। इस दिशा में दिवंगत वरिष्ठ भाजपा नेता पंडित लक्ष्मीनारायण शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में सांसद गजेंद्र सिंह पटेल से मुलाकात कर बायपास निर्माण की मांग रखी थी।
इसके बाद सांसद पटेल ने इस मांग को आगे बढ़ाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 2 मार्च को जुलवानिया के भोंगर्या मेले में आगमन के दौरान सांसद पटेल की पहल पर ओझर बायपास निर्माण की घोषणा की गई थी। अब स्थायी वित्तीय समिति की स्वीकृति मिलने से यह घोषणा धरातल पर उतरने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।
यह भी पढ़ें- बलौदाबाजार के खोरसीनाला का पुल जर्जर, कंक्रीट उखड़ा...और बाहर निकले सरिए; हादसों को दावत
ओझर, नागलवाड़ी सहित खरगोन जिले के अनेक गांवों को नेशनल हाईवे से जोड़ने वाला गवाघाटी-ओझर मार्ग भी लंबे समय से यातायात के दबाव से जूझ रहा है। करीब तीन किलोमीटर का यह संकरा मार्ग भारी वाहनों की आवाजाही के कारण परेशानी का सबब बना रहता है। इसके टू-लेन में परिवर्तित होने से वाहनों की आवाजाही आसान होगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम होने के साथ क्षेत्र के आवागमन को नई सुविधा मिलेगी।