
नईदुनिया न्यूज, बलौदाबाजार। ग्राम पंचायत दशरमा के अंतर्गत बायपास मार्ग पर खोरसीनाला के ऊपर बना पुल जर्जर हो चुका है। पुल का कंक्रीट उखड़ने और सरिये बाहर निकलने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। समस्या को लेकर ग्राम पंचायत की सरपंच मधु नीलकंठ साहू और पंचों ने सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पुल की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
पुल का कंक्रीट उखड़ा
ज्ञापन में पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि पुल काफी पुराना हो चुका है। देखरेख के अभाव में इसका कंक्रीट पूरी तरह उखड़ गया है और निर्माण में लगे लोहे के सरिये बाहर निकल आए हैं। यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। पुल से प्रतिदिन भारी वाहनों, स्कूली बसों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों का आवागमन होता है। ऐसे में जर्जर पुल और बाहर निकले सरियों से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में कल कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की आक्रोश रैली, पटवारियों की मांग के समर्थन में उतरा संघ
जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार, समस्या को लेकर पहले भी संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक मरम्मत के लिए कोई ठोस पहल नहीं हुई है। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पंचायत ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। सरपंच एवं पंचों ने कलेक्टर से जनहित में जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने का आग्रह किया है, ताकि क्षेत्रवासियों और स्कूली बच्चों का आवागमन सुरक्षित हो सके।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 11 हजार से अधिक वेटलैंडों की पहचान, सीमांकन पर सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा