
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। शहर में शनिवार को पोस्टमार्टम रूम के सामने एक महिला की बेल्ट और थप्पड़ों से पिटाई का मामला सामने आया है। महिला को स्वजन ग्राम पिपल्या से बड़वानी लेकर आए थे। आरोप था कि उसने जया और उसके दो मासूम बच्चों को इंदौर से लाकर कहीं छिपा दिया है। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
दरअसल, इससे पहले शुक्रवार रात करीब 12.10 बजे परिजन ग्राम पिपल्या स्थित गजराली के घर पहुंचे थे। उस समय वह सो रही थी। जया और बच्चों के बारे में पूछताछ करते हुए स्वजनों ने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए उसके भाई विक्की को भी पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, जया पति के साथ नहीं रहना चाहती थी। वह अपनी ढाई साल की बेटी दिशा और आठ महीने के बेटे कार्तिक को लेकर घर से निकल गई। उसने सहेली गजराली को फोन कर इंदौर बुलाया। शुक्रवार को दोनों बच्चों के साथ बस से बड़वानी पहुंचीं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर परिजनों को जया के सहेली के साथ जाने की जानकारी मिली थी। इसी शक में वे पिपल्या पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें- भिंड में आतिशबाजी को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, बीच-बचाव करने आए युवक को पीटा
टीआई बलजीत सिंह बिसेन के अनुसार जांच में बच्चा चोरी या अपहरण का मामला सामने नहीं आया है। जया अपनी मर्जी से बच्चों को लेकर घर से निकली थी। उसने पति के साथ नहीं रहने और बच्चों के साथ अलग रहने की इच्छा जताई है।
फिलहाल जया और दोनों बच्चे कोतवाली थाने में हैं। गजराली की शिकायत पर नरेंद्र, राजू, सीमा सहित अन्य के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर जांच निसरपुर चौकी को सौंपी गई है।