
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालसमुद/बड़वानी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले के राजपुर और ठीकरी विकासखंड में करीब 176 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 100 ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया जाएगा। सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में इन सड़कों का भूमिपूजन किया।
इस दौरान राजपुर विधायक बाला बच्चन सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा ठीकरी नगर परिषद में एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति के लिए ग्राम पंचायतों को पानी के टैंकर भी वितरित किए गए।
सालिकला ग्राम पंचायत में सांसद पटेल और विधायक बच्चन ने एबी रोड से खेड़ापुरा तक करीब तीन किलोमीटर तथा हनुमान मंदिर से बारीपुरा तक लगभग पांच किलोमीटर सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में बताया गया कि ठीकरी विकासखंड में 45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 30 ग्रामीण सड़कों का निर्माण होगा। वहीं, राजपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 131 करोड़ रुपये की लागत से 69 ग्रामीण सड़कों के निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।
ठीकरी नगर परिषद में करीब एक करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों के तहत शासकीय स्कूल भवनों और अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया गया। साथ ही सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन भी हुआ। विभिन्न ग्राम पंचायतों को पानी के टैंकर सौंपे गए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव, वीरेंद्र दरबार, शशिकांत साहू, आशीष शर्मा, विनय सोनी, अंजना पटेल, सरपंच कमल मेहता, कैलाश चौहान सहित भाजपा-कांग्रेस के कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
सांसद पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ग्रामीण क्षेत्रों को सुगम आवागमन से जोड़ने और विकास की मुख्यधारा में लाने की महत्वपूर्ण पहल है। बेहतर सड़क संपर्क से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने और मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। सड़क नेटवर्क मजबूत होने से स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक बच्चन ने कहा कि उनकी विधायक निधि से 350 मंदिरों और 234 मांगलिक भवनों के निर्माण के लिए कुल 18 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है। उन्होंने सालिकला स्थित हनुमान मंदिर के लिए चार लाख रुपये देने की जानकारी भी दी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में काल बना ब्रेक फेल ट्रक... 15 की मौत, तस्वीरों में देखें तबाही का खौफनाक मंजर