नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। क्षेत्र में कुत्तों के आतंक की घटनाएं रूक नहीं रही है। क्षेत्र में जुलवानिया, नागलवाड़ी व निवाली के बाद अब सिलावद में पागल कुत्ते ने आतंक मचाया। यहां पर हाट बाजार में पागल कुत्ते ने 16 लोगों को काट लिया। कुत्ते के हमले से घायल लोगों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराया गया। वहीं एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सिलावद में बुधवार को साप्ताहिक हाट-बाजार के दौरान पागल कुत्ते ने आतंक मचाया।
घटना शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। यहां पर आतंक मचा रहे पागल कुत्ते ने जो सामने दिखा उसे काट लिया। इससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। कुत्ते के काटने से घायल लोग अस्पताल पहुंचे। यहां अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। देर शाम तक करीब 16 लोग उपचार कराने पहुंचे। घायलों में एक बच्चे सहित महिला-पुरुष शामिल है।
हाट बाजार में आतंक मचाने के बाद कुत्ते स्टेट हाईवे की ओर भागा। कुत्ते को लेकर मची अफरा तफरी से लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर राहगीरों को अलर्ट रहने का आह्वान किया। वहीं रास्ते में लोगों ने कुत्ते को घेरकर मार दिया।
कुत्ते के हमले की सूचना पर सीएमएचओ डॉ. सुरेशा जमरे भी शाम को जरूरी इंजेक्शन व दवाएं लेकर सिलावद अस्पताल पहुंची। यहां पर घायलों के हाल जाने और हालात की जानकारी ली। सिलावद के सीबीएमओ डॉ. तरुण वास्कले के अनुसार बुधवार दोपहर को अचानक कुत्ते ने 16 लोगों को काट लिया। जिनका अस्पताल में उपचार किया गया।
इनमें से एक घायल को अंगुली में ज्यादा घाव होने से जिला अस्पताल रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि घायलों को एंटी रैबिज, केक्टस और अन्य इंजेक्शन लगाए गए हैं। फिलहाल सभी स्वस्थ है। गौरतलब है कि कुत्तों के काटने की बढ़ती घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल निर्मित होने लगा है। वहीं, नगरीय निकाय भी श्वानों के नियंत्रण को लेकर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
इसे भी पढ़ें... बड़वाह में कुत्ते का आतंक...3 बच्चों समेत नौ लोगों को बनाया निशाना, बच्ची की होगी सर्जरी