
नईदुनिया न्यूज, सेंधवा। स्थानीय वीर बलिदानी खाज्या नायक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार दोपहर एक छात्र ने कथित तौर पर शादी से इनकार करने से नाराज होकर परीक्षा देकर बाहर निकल रही 18 वर्षीय छात्रा पर पिस्टल से फायर करने का प्रयास किया।
पिस्टल नहीं चलने पर आरोपित ने छात्रा की गर्दन के नीचे चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से देशी पिस्टल और चाकू जब्त किया है।
एसडीओपी अजय वाघमारे ने बताया कि बीए प्रथम वर्ष की छात्रा मंगलवार को महाविद्यालय में हिंदी विषय की परीक्षा देने आई थी। दोपहर करीब दो बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपनी सहेलियों के साथ बाहर निकल रही थी।
इसी दौरान विज्ञान भवन के सामने बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र ने कथित तौर पर उस पर पिस्टल से गोली चलाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि पिस्टल से फायर नहीं होने पर आरोपित ने जेब से चाकू निकाला और छात्रा पर हमला कर दिया। चाकू छात्रा की गर्दन के नीचे लगा। हमले में वह बेहोश होकर गिर गई। घटना देख रही उसकी सहेली रोशनी भी बेहोश हो गई।
घटना के बाद महाविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कुछ छात्रों ने आरोपित को पकड़ लिया और पुलिस के पहुंचने तक उसे अपने कब्जे में रखा। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल महाविद्यालय पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया। घायल छात्रा को उपचार के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
एसडीओपी के अनुसार आरोपी और छात्रा पहले से एक-दूसरे को जानते हैं। आरोपी छात्रा से शादी करना चाहता था लेकिन कुछ दिन पहले छात्रा की किसी अन्य युवक से सगाई हो गई थी, जिसके बाद आरोपी परेशान था।
पुलिस के अनुसार आरोपित पिछले करीब एक पखवाड़े से छात्रा को धमका रहा था कि वह उसकी शादी किसी अन्य व्यक्ति से नहीं होने देगा। इसके बाद उसने मंगलवार को उक्त घटना को अंजाम दिया। थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह ने बताया कि आरोपित निवासी सोनखेड़ी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। हथियार कहां से लाए गए थे, इस संबंध में आगे की पूछताछ की जा रही है।