
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। किसानों की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ द्वारा राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार कक्काजी के नेतृत्व में किसान अधिकार रैली निकाली गई। जो कलेक्ट्रेट पहुंचते ही अनोखे विरोध प्रदर्शन में बदल गई।
दोपहर करीब तीन बजे सब्जी मंडी से शुरू हुई रैली शाम चार बजे कलेक्ट्रेट पहुंची। किसानों ने यहां नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और कलेक्टर को ही ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़ गए।
उस समय कलेक्टर ऋषव गुप्ता टीएल बैठक में मौजूद थे। किसानों ने काफी देर तक कलेक्टर के बाहर आने का इंतजार किया, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए एक श्वान के गले में गमछा फाड़कर ज्ञापन पहना दिया। इस घटनाक्रम ने कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। बाद में राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार कक्काजी के नेतृत्व में किसानों ने सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह को ज्ञापन सौंपा।
यह भी पढ़ें- आंदोलन करेंगे एमपी के कर्मचारी, महंगाई भत्ता और CPCT को लेकर फूटा गुस्सा, 20 सितंबर को बुलाई आपात बैठक
किसानों का कहना था कि वे अपनी समस्याएं सीधे कलेक्टर के सामने रखना चाहते थे। कलेक्टर से मुलाकात नहीं होने पर उन्होंने इसी तरह अपना विरोध दर्ज कराया। कलेक्ट्रेट परिसर में करीब दो घंटे तक प्रदर्शन और नारेबाजी का दौर चलता रहा। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कक्काजी ने कहा कि शासन-प्रशासन के पास किसान और मजूदरों की समस्या सुनने का भी समय नहीं है। खंडवा कलेक्टर के इस रवैए के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।