
नईदुनिया प्रतिनिधि, बलवाड़ी/ बड़वानी : मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ बड़वानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर जिलों की पुलिस टीमों ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाकर जंगल और पहाड़ियों के बीच दो खेतों में उगाए गए गांजे के 7,100 हरे पौधे जब्त किए हैं।
जब्त फसल का कुल वजन 18 क्विंटल 12 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 90 लाख 63 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने वरला थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 और 8 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर ग्राम पंचायत खपाड़ा के अंतर्गत गंदायलापानी और खरगोन जिले के केलीअंबा के बीच दुर्गम जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। मुख्य मार्ग से करीब साढ़े तीन किलोमीटर अंदर नाले के किनारे दो अलग-अलग खेतों में अवैध रूप से उगाई गई गांजे की फसल मिली।
पहले खेत से गांजे के 2,900 पौधे जब्त किए गए। इनका वजन आठ क्विंटल एक किलोग्राम और अनुमानित कीमत 40 लाख पांच हजार 250 रुपये बताई गई। दूसरे खेत से गांजे के 4,200 पौधे मिले, जिनका वजन दस क्विंटल 11 किलोग्राम और कीमत 50 लाख 57 हजार 750 रुपये आंकी गई।
पुलिस ने कार्रवाई की चलित चित्रों के माध्यम से अभिलेखबद्धता कराई और वैश्विक स्थान निर्धारण प्रणाली से घटनास्थल की स्थिति दर्ज की। वरला थाने में मादक पदार्थ अधिनियम में मामले दर्ज किए गए हैं।
वन विभाग से भूमि स्वामियों और कब्जाधारियों की जानकारी मांगी गई है। पुलिस के अनुसार, संबंधित लोगों की पहचान और आगे की वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।