
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन 'प्रहार' के तहत पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है। बड़ी पुलिस टीम ने जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के नो मोबाइल नेटवर्क एरिया (शेडो एरिया) में दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए गांजे के कुल 15 हजार पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन करीब 60 क्विंटल बताया गया है।

सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी रविंद्र वर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जामली और ग्राम गुवाड़ा ठाटा फलिया क्षेत्र में कुछ लोगों ने अपने खेतों में अवैध गांजे की खेती कर रखी है।

क्षेत्र बेहद दुर्गम, पहाड़ी और नदी-नालों से घिरा होने के साथ-साथ नो-नेटवर्क जोन में आता है। पुलिस टीम ने आधुनिक ड्रोन कैमरों की मदद से खेतों की मैपिंग की और कई किलोमीटर का कठिन रास्ता तय कर दबिश दी।

दुर्गम इलाकों में स्थित खेतों से कुल 15 हजार 191 गांजे के पौधे (कुल वजनी 5,974 किलोग्राम यानी लगभग 59.74 क्विंटल) उखाड़कर जब्त करने में पुलिसकर्मियों को कई घंटों तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।