
नईदुनिया प्रतिनिधि, बलवाड़ी-बड़वानी : जिले के दुर्गम पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में छुपाकर की जा रही अवैध गांजे की खेती पर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय के ''नशे से दूरी है जरूरी'' अभियान के तहत चलाए गए ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक में ड्रोन से निगरानी और जमीन पर पैदल सर्चिंग के जरिए वरला थाना क्षेत्र में पांच खेतों का पता लगाया गया।
पुलिस के अनुसार इन खेतों से 23 क्विंटल से अधिक गांजे के पौधे जब्त किए गए हैं। कार्रवाई की व्यापकता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अभियान में बड़वानी, खरगोन और खंडवा जिले के 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की 12 टीमें लगाई गईं। टीमों ने वरला क्षेत्र के 19 गांवों में एक साथ सघन सर्चिंग की। पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में ड्रोन से संदिग्ध स्थानों की पहचान के बाद पुलिसकर्मी पैदल उन खेतों तक पहुंचे।
पुलिस ने ग्राम डोकलियापानी, धवलियागीर, बागदरी, टाकियापानी और आड़नदी सहित दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। पुलिस ने पहले ड्रोन के माध्यम से इलाके की निगरानी की। इसके बाद चिन्हित स्थानों पर टीमों ने पैदल पहुंचकर खेतों की तलाशी ली।
सर्चिंग के दौरान पांच खेतों में बड़े पैमाने पर गांजे की अवैध खेती मिली। पुलिस ने पौधों को जब्त कर संबंधित खेतों के संबंध में जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। ये खेत वन भूमि पर स्थित बताए गए हैं। ऐसे में वन विभाग से पट्टाधारियों और कब्जाधारियों की जानकारी मांगी जा रही है, जिसके आधार पर आरोपितों के विरुद्ध आगे कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने पांच प्रकरण दर्ज कर अवैध गांजे की जब्ती की है। पहले खेत में 1110 पौधे और दो क्विंटल 800 किलोग्राम वजन की फसल, दूसरे खेत में 1136 पौधे और एक क्विंटल 44 किलोग्राम वजन, तीसरे खेत में 2100 पौधे और तीन क्विंटल से अधिक वजन की फसल, चौथे व पांचवे खेत में 11-11 हजार से अधिक पौधे और 10-10 क्विंटल से अधिक वजन की गांजे की फसल जब्त होना बताया है।
ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक की कार्रवाई यहीं तक सीमित नहीं है। पुलिस के अनुसार ग्राम शक्करकुआ बोरपड़ावा में चार खेतों से छह हजार से अधिक गांजे के पौधे जब्त कर चार प्रकरण दर्ज किए गए थे। अब हुई कार्रवाई में पांच नए प्रकरण दर्ज हुए। इस तरह पुलिस के अनुसार दो दिनों में कुल नौ प्रकरण दर्ज कर 34 क्विंटल से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त किया जा चुका है।
डीआईजी निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद और एसपी बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के नेतृत्व में बड़वानी के साथ खरगोन और खंडवा के पुलिस बल को अभियान में शामिल किया गया। अब जांच का अगला चरण खेतों के वास्तविक कब्जाधारियों और खेती कराने वालों तक पहुंचना है।
यह भी पढ़ें- देवास पुलिस को मिली बड़ी सफलता: कार से 71 किलो अवैध गांजा जब्त, रायसेन के 4 तस्कर गिरफ्तार