बड़वानी में अनंत चतुर्दशी पर निकले चल समारोह में लहराए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के पोस्टर, जांच में जुटी पुलिस
अनंत चतुर्दशी पर बड़वानी जिले के अंजड़ में आयोजित चल समारोह के दौरान गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के पोस्टर लहराने का मामला सामने आया है। इस दौरान उसके समर...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 27 Sep 2026 07:51:25 PM (IST)Updated Date: Sun, 27 Sep 2026 07:51:25 PM (IST)
अंजड़ नगर में झांकियों के चल समारोह में लारेंस बिश्नोई का पोस्टर लहराता युवक। (वीडियो ग्रैब)HighLights
- बड़वानी जिले के अंजड़ में हुई घटना; वीडियो हुआ वायरल
- शनिवार रात गणेश विसर्जन से पहले अंजड़ में झांकियां निकाली गईं
- पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी : अनंत चतुर्दशी पर बड़वानी जिले के अंजड़ में आयोजित चल समारोह के दौरान गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के पोस्टर लहराने का मामला सामने आया है। इस दौरान उसके समर्थन में नारे भी लगाए गए। घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने आरोपितों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
शनिवार रात गणेश विसर्जन से पहले अंजड़ में झांकियां निकाली गईं, जिसमें 'गदर' फिल्म पर आधारित मंचन हुआ। इसी दौरान कुछ लोगों ने विवादित पोस्टर लहराए। इस मामले में समाजशास्त्रियों का कहना है कि युवा गैंगस्टरों की जीवनशैली से प्रभावित होकर ऐसी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं। वहीं अंजड़ थाना प्रभारी आरआर चौहान ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
झांकियों ने मोहा मन, आतिशबाजी व फायर शो से रोशन हुई रात
कसरावद : सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में शनिवार रात नगर में निकला चल समारोह धार्मिक आस्था, उत्साह व उल्लास का अद्भुत कारवां बना। देर रात तक मुख्य मार्ग श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। रात आठ बजे मंडलेश्वर मार्ग से शुरू हुआ चल समारोह बस स्टैंड होते हुए खरगोन मार्ग तक पहुंचा।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान गणेशजी का स्वागत किया। आतिशबाजी व फायर शो के बीच गूंजते ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से भक्तिमय हो गया। चल समारोह में 15 से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल हुईं। विशेष रोशनी से सजे वाहनों पर भगवान गणेशजी महाराज, खाटूश्याम बाबा और गणगौर माता की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं।
विभिन्न युवा व सामाजिक संगठनों द्वारा तैयार की गई झांकियों को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर जनसैलाब उमड़ा। डीजे की धार्मिक धुनों और जयघोष के बीच युवाओं, महिलाओं व बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समारोह के दौरान धार्मिक आयोजन के साथ सेवा भाव भी देखने को मिला।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों व कार्यकर्ताओं ने जलपान, स्वल्पाहार व नाश्ते के सेवा स्टाल लगाकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाएं भी संभालीं। देर रात तक यह कारवां गुजरता रहा।फायर शो व आतिशबाजी ने बांधा समांविजय स्तंभ सहित प्रमुख स्थानों पर किए गए स्वागत व आतिशबाजी ने समारोह का उत्साह दोगुना कर दिया। आकर्षक फायर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। रोशनी से सजी झांकियां, धार्मिक धुनें और भगवान गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा नगर देर रात तक उत्सव के रंग में रंगा रहा। धार्मिक उल्लास के साथ चल समारोह का समापन हुआ।