
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने वादे को निभाते हुए चाचरिया क्षेत्र की बेटी प्रियंका सेंगर से दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय (इंदिरा भवन) में भाई दूज के अवसर पर व्यक्तिगत मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान प्रियंका के नेत्र ऑपरेशन और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।
ज्ञात रहे कि बीती 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली प्रियंका सेंगर ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। बचपन में तीन वर्ष की उम्र में आंख में चूना गिर जाने के कारण प्रियंका एक आंख से देख नहीं पाती थीं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपनी इस समस्या से राहुल को अवगत कराया था, जिस पर उन्होंने आंखों का बेहतर इलाज कराने का आश्वासन दिया था।
अपने इस वादे के अनुरूप 1 अक्टूबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी आई हॉस्पिटल में प्रियंका का सफल ऑपरेशन कराया गया। इस पूरी प्रक्रिया और दिल्ली यात्रा के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सरदार नरगावे, पोरलाल खरते (कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी) तथा प्रियंका के पिता उदय सिंह सेंगर लगातार साथ रहे और हरसंभव सहयोग प्रदान किया।
11 नवंबर को भाई दूज के अवसर पर दिल्ली के इंदिरा भवन में राहुल गांधी ने प्रियंका सेंगर, उनके पिता उदय सिंह सेंगर और सामाजिक कार्यकर्ता सरदार नरगावे से विशेष मुलाकात की। राहुल गांधी ने प्रियंका का कुशलक्षेम जाना और सांत्वना देते हुए कहा कि किसी भी बात की चिंता मत करना, आपका भाई आपके साथ है। उन्होंने भविष्य में भी इलाज में हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
इस मुलाकात के दौरान प्रियंका ने विद्यार्थियों से जुड़े कई गंभीर मुद्दे उठाए, जिनमें छात्रवृत्ति, आवास राशि, भर्ती प्रक्रिया और पेपर लीक जैसी समस्याएं प्रमुख थीं। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता नरगावे ने ग्रामीण अंचलों में शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं के सही क्रियान्वयन न होने तथा पात्र लोगों तक उनका लाभ न पहुंचने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता को सरकारी योजनाओं व उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- मारपीट के बाद जान बचाने के लिए चलती ट्रेन से कूदे पति-पत्नी व बेटी, तीनों घायल, एक मासूम गाड़ी में ही छूटी