
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। शहर के नवलपुरा रोड स्थित मारुति नगर और स्वामी विवेकानंद कालोनी में सीवरेज लाइन बिछाने का काम रहवासियों के लिए मुसीबत बन गया है। डेढ़ महीने से चल रहे काम के दौरान सड़क की खोदाई के बाद समुचित मरम्मत नहीं होने से रास्ते पर गड्ढे, कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन रही है। हालात ऐसे हैं कि सड़क तालाब जैसी नजर आने लगी है। इसी दौरान कीचड़ में ट्रैक्टर का पहिया फंसने से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और पानी मुख्य मार्ग से कालोनी की ओर नहर की तरह बहने लगा।
रहवासियों के अनुसार, खुदी सड़क पर बाइक फिसलने से एक युवक भी घायल हुआ, जिसके इलाज पर करीब 10 हजार रुपये खर्च होने की बात सामने आई है। पेट्रोल पंप के पास कालोनी में जाने वाले मार्ग पर सड़क की पक्की मरम्मत नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क की एक पटरी पर जलभराव और कीचड़ के कारण दोपहिया वाहनों के फिसलने तथा बड़े वाहनों के पहिए धंसने का खतरा बना हुआ है। यह मार्ग आसपास की कालोनियों के लिए महत्वपूर्ण है और यहां से छोटे-बड़े वाहनों के साथ चारा-घास से भरे वाहन भी गुजरते हैं।
रहवासियों का कहना है कि कभी एक जगह काम शुरू कर दिया जाता है तो दूसरी जगह खुदाई कर दी जाती है, जिससे आवागमन लगातार प्रभावित हो रहा है।डेढ़ महीने से परेशानी, दुर्घटनाओं का खतरादुकानदार हमजा ने बताया कि क्षेत्र में पिछले डेढ़ महीने से सीवरेज लाइन का काम चल रहा है। खोदाई के बाद सड़क को ठीक से भरकर समतल नहीं किया जा रहा। यह मार्ग अंदर की दो-तीन कालोनियों को जोड़ता है, इसलिए लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों के फिसलने और गड्ढों में फंसने का डर बना रहता है।
उनका आरोप है कि घटना के बाद कंपनी का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और कालोनी के कुछ लोग ही स्थिति देखने आए।बाइक फिसलने से युवक घायल, इलाज पर खर्चनवलपुरा निवासी मोहम्मद रफीक ने बताया कि सीवर लाइन का काम बेहद धीमी गति से किया जा रहा है। उनके परिवार की गाड़ी खुदी सड़क पर फिसलने के बाद टक्कर की स्थिति बनी, जिसके चलते अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उन्होंने इलाज पर करीब 10 हजार रुपये खर्च होने की बात कही। रफीक के अनुसार, सड़क पूरी तरह आवागमन के लिए सुरक्षित नहीं है। एक जगह काम पूरा करने के बाद दूसरी जगह खुदाई कर दी जाती है। सीवर लाइन चोक होने से गंदा पानी, गंदगी और मच्छरों की समस्या भी बढ़ रही है।
रहवासियों का कहना है कि सीवरेज कार्य में देरी और अव्यवस्था को लेकर नगर पालिका की बैठकों में भी मुद्दा उठाया जा चुका है, लेकिन कार्यस्थल पर अब तक कंपनी का हेल्पलाइन या शिकायत नंबर प्रदर्शित नहीं किया गया है। इससे लोगों को शिकायत दर्ज कराने और जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने में परेशानी होती है। रहवासी चाहते हैं कि कंपनी शिकायत नंबर सार्वजनिक करे और मौके पर जिम्मेदार कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करे।
यह भी पढ़ें- भोपाल: 6 महीने में पनप गईं 50 अवैध कॉलोनियां; FIR के निर्देश के बावजूद हुजूर, कोलार और बैरसिया में बेखौफ कॉलोनाइजर
रहवासियों ने नगर पालिका और सीवरेज कंपनी से मांग की है कि पेयजल लाइन की मरम्मत के साथ सड़क पर जमा पानी की निकासी कराई जाए। खुदाई वाले हिस्सों को सुरक्षित बनाकर गड्ढे भरने और सड़क की पक्की मरम्मत का काम जल्द पूरा किया जाए। पेयजल लाइन टूटने पर सुधार कार्य शुरूसीवरेज कंपनी के साइट इंचार्ज राहुल त्यागी ने बताया कि ट्रैक्टर फंसने के कारण पेयजल लाइन टूट गई थी।
लाइन को दुरुस्त कराने के लिए खुदाई कर सुधार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संबंधित हिस्से में सीवरेज का काम करीब 10 दिन पहले किया गया था और पीछे के हिस्सों से रिपेयरिंग जारी है। पेयजल लाइन को फिलहाल बंद कराया गया है। उनके अनुसार, संबंधित स्थान पर सुधार कार्य एक-दो दिन में पूरा कर दिया जाएगा।