
नईदुनिया न्यूज, बिजासनघाट/बड़वानी। बिजासन घाट के गवाड़ी में एक पेट्रोल पंप पर बिना नंबर की बाइक से आए तीन अज्ञात लोगों के द्वारा पंप कर्मचारियों पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने पहले पेट्रोल भरवाया और इसके बाद अचानक कर्मचारियों की ओर फायरिंग कर दी।
इतना ही नहीं, जाते समय पेट्रोल पंप स्थित कार्यालय के गेट को भी निशाना बनाते हुए गोली चलाई। बदमाशों ने पेट्रोल पंप कार्यालय के गेट पर भी एक फायर किया। गोली लगने से गेट का कांच टूट गया और उसके टुकड़े कार्यालय के अंदर बैठे कर्मचारियों के चेहरे पर लगे, जिससे एक कर्मचारी को मामूली चोट आई।
सूचना मिलते ही बिजासन चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के हुरावली में पेट्रोल पंप पर बाइक सवारों की फायरिंग, वीडियो वायरल होने पर जांच शुरू
वहीं शनिवार को बड़वानी जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने एसडीओपी ग्रामीण, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। वहीं एसपी ने पुलिस टीम को अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।