
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी : बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व मंगलवार रात शहर में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। दशहरा मैदान पर रात करीब 8 बजे 57 फीट ऊंचे रावण तथा 45-45 फीट ऊंचे कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया।
आतिशी नजारों और जय श्रीराम के जयघोष के बीच रावण का अहंकार चंद मिनटों में आग की लपटों में समा गया। इस बार आयोजन में परंपरा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जुड़ा रहा। नगर पालिका द्वारा तैयार रावण के पुतले की ढाल पर ‘प्लास्टिक मुक्त बड़वानी’ का संदेश प्रदर्शित किया गया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
पुतला दहन से पहले कालिका माता मंदिर से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की शोभायात्रा निकाली गई। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई शोभायात्रा दशहरा मैदान पहुंची। इसके बाद विधि-विधान और उत्सवी माहौल के बीच रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया।
इस दृश्य को देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में शहरवासी जुटे। पुतलों के दहन के साथ ही मैदान जयघोष से गूंज उठा। इस वर्ष दशहरा उत्सव में पहली बार इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी का शो आयोजित किया गया। रोशनी और आतिशबाजी के इस विशेष आयोजन ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
दशहरा मैदान में उत्सव का माहौल देर तक बना रहा। नगर पालिका ने आयोजन स्थल और प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था के इंतजाम किए थे। वहीं, पुलिस और यातायात पुलिस ने भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, पार्किंग और आवागमन व्यवस्थित रखने के लिए व्यवस्था संभाली।
इस बार रावण का पुतला केवल बुराई के अंत का प्रतीक नहीं रहा, बल्कि उसके माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। नगर पालिका ने रावण की ढाल पर ‘प्लास्टिक मुक्त बड़वानी’ लिखकर नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाने के लिए प्रेरित किया। लोगों से प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े और जूट के थैले अपनाने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने का आह्वान किया गया।
नगर पालिका द्वारा तैयार तीनों पुतले बांस की चिपलियों से बनाए गए थे। दहन के साथ ही बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीकात्मक संदेश दिया गया। आयोजन में नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान, सीएमओ सोनाली शर्मा, जनप्रतिनिधि, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Ravan Dahan in MP: आतिशबाजी के धमाकों के बीच प्रदेश भर में जला अहंकार का रावण, जय श्रीराम का नारा गूंजा