
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी : अपनी मांगों को लेकर 11 दिनों से धरने पर बैठीं छात्राओं की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। धरना स्थल से टेंट और अन्य सामग्री चोरी होने की बात सामने आने के बाद छात्राएं खुले आसमान के नीचे बैठकर आंदोलन कर रही हैं। इस बीच छात्राओं की सेहत बिगड़ने से मामला गंभीर हो गया है।
छात्रा पायल वास्कले अस्पताल में भर्ती है, जबकि पार्वती कन्नोजे तबीयत खराब होने के कारण तीन दिन से घर पर है। वहीं, राखी अवासे के गोली खाने के बाद फिर धरना स्थल पर बैठने की जानकारी सामने आई है। इन घटनाक्रमों के बीच सुमेर सिंह ने प्रशासन से छात्राओं की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।
उनका आरोप है कि 11 दिन बीतने के बाद भी उनकी मांगों पर प्रभावी सुनवाई नहीं हुई है। उन्होंने छात्राओं की बिगड़ती सेहत पर चिंता जताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। धरना स्थल पर टेंट और अन्य सामग्री चोरी होने की बात सामने आने के बाद छात्राओं को खुले में बैठना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने समय पर भोजन नहीं मिलने और बुनियादी सुविधाओं के अभाव की शिकायत भी की है।
वहीं अब आंदोलन कर धरना प्रदर्शन कर रही छात्राओं की तबीयत भी बिगड़ने लगी है, लेकिन जिम्मेदार उनकी ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है। उनकी मांगों को लेकर कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। इसके चलते छात्राओं में नाराजगी है। छात्राओं का कहना है कि प्रशासन जल्द उनकी मांगों को लेकर सुनवाई करे और उनके निराकरण के लिए उचित कदम उठाए, नहीं तो आंदोलन और गंभीर हो जाएगा। इसके बाद कुछ हुआ तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
यह भी पढ़ें- CJP के प्रदर्शन में शामिल होने जा रहीं महाराष्ट्र की छात्राओं को इटारसी में हिरासत में लेने का मामला पहुंचा हाई कोर्ट