
नईदुनिया न्यूज, बिजासनघाट (बड़वानी) : मप्र से तीन किमी दूर महाराष्ट्र सीमा में मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर फिल्मी अंदाज में 3.6 करोड़ की लूट हुई। कूरियर कंपनी के दो कर्मचारियों का अपहरण कर सुनसान जगह पर फेंक दिया गया। कार में सवार होकर आए पांच से छह बदमाशों ने यह वारदात की।
मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पळासनेर गांव के पास फिल्मी अंदाज में बड़ी लूट की वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार, सूरत निवासी कूरियर कंपनी के कर्मचारी सुनील शिवरामभाई पटेल और उनके साथी शैलेश मफतलाल पटेल के साथ यह वारदात हुई। वे कंपनी की भोपाल शाखा से यह नकदी लेकर कार से लेकर मुंबई के लिए रवाना हुए थे।
उनकी कार को ओवरटेक कर रास्ता रोक वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात के बाद बदमाश दोनों कर्मचारियों का अपहरण कर उन्हें कुछ दूरी पर सुनसान स्थान पर फेंककर फरार हो गए। सुनील पटेल की शिकायत पर शिरपुर तालुका पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुख विलास कालोनी के खाली प्लॉट पर मिला नवजात बालक का शव
बड़वानी : शहर की सुख विलास कालोनी में सोमवार सुबह एक खाली प्लॉट पर नवजात बालक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी सामने आते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।
जानकारी अनुसार पार्षद गजेंद्र सोनवने ने बताया कि कॉलोनी के एक खाली प्लॉट पर नवजात बालक का शव दिखाई दिया था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल शुरू की। फिलहाल नवजात का शव प्लॉट पर कैसे पहुंचा और इसके पीछे क्या कारण रहे, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को प्लॉट पर कौन छोड़कर गया और घटना के पीछे किन परिस्थितियों की भूमिका रही। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले रानीपुरा क्षेत्र में भी नवजात बच्चे का शव नाले में मिलने की घटना सामने आई थी। उस मामले में पुलिस जांच के दौरान सामने आया था कि एक दंपती ने मृत नवजात को जमीन में दफनाया था, लेकिन बाद में एक कुत्ता उसे खोदकर बाहर निकाल लाया था। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया था।
यह भी पढ़ें- देवास में 15 टन प्याज की डकैती का खुलासा, चाकू की नोक पर ट्रक लूटने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार, 30 लाख का माल बरामद