
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। जिले के लीड कॉलेज शहीद भीमा नायक (एसबीएन) शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को छात्राओं की सुरक्षा और कथित दुर्व्यवहार का मामला गरमा गया। कार्रवाई नहीं होने से नाराज छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने मुख्य द्वार पर धरना दिया और विरोध स्वरूप प्रभारी प्राचार्य की कुर्सी उठाकर बाहर रख दी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अंशुमन धनगर के अनुसार एक व्यक्ति जो स्वयं को कांग्रेस से जुड़ा और कॉलेज का विद्यार्थी बताता है, पिछले दो-चार महीनों से कथित तौर पर परेशान कर रहा था। इस संबंध में तीन दिन पहले प्रभारी प्राचार्य को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन आश्वासन के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। गुरुवार को संबंधित व्यक्ति द्वारा आपत्तिजनक व्यवहार किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य ने मामले को कॉलेज के बाहर का बताकर जिम्मेदारी से दूरी बनाई। इससे नाराज छात्रों ने प्रतीकात्मक विरोध करते हुए खाली कुर्सी बाहर रख दी। उनकी मांग थी कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो और यदि उसका कॉलेज में प्रवेश है तो निरस्त किया जाए। शाम करीब छह बजे तक छात्र प्राचार्य कक्ष के बाहर डटे रहे।
यह भी पढ़ें- खंडवा में युवक की मौत पर बवाल, शव रखकर प्रदर्शन कर रही भीड़ ने पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष को मारा थप्पड़
इस दौरान छात्र नेताओं, प्रभारी प्राचार्य और प्राध्यापकों के बीच तीखी बहस भी हुई। कॉलेज प्रशासन ने शुक्रवार को अनुशासन समिति की बैठक में उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। प्रभारी प्राचार्य ने इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।