
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। एक 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद गुरुवार को हरसूद में जमकर हंगामा हुआ। परिजन और ग्रामीण युवक का शव लेकर महाराणा प्रताप चौराहे पर पहुंचे और आनंद मार्ट के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रामनिवास पटेल को भीड़ में से किसी ने थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद विवाद ने नया मोड़ ले लिया और दो पक्ष आमने-सामने आ गए। तनाव के चलते नगर का बाजार बंद हो गया।
सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद दोनों पक्षों को समझाइश और कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया गया। हालांकि, बाजार देर शाम तक नहीं खुल सका। दूसरी ओर, पुलिस ने मामले में मार्ट संचालक के खिलाफ प्रताड़ना का प्रकरण दर्ज किया है।
मृतक जागेश्वर पिता सत्यनारायण (26), निवासी सड़ियापानी, पहले एक मार्ट में काम करता था। उसने करीब तीन माह पहले वहां की नौकरी छोड़ दी थी और दूसरी दुकान पर काम करने लगा था। पिता सत्यनारायण के अनुसार, बुधवार शाम उन्हें सूचना मिली कि जागेश्वर की तबीयत बिगड़ रही है और उसे घबराहट हो रही है।
स्वजन उसे हरसूद अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद खंडवा जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने परिजन को बताया कि युवक ने सल्फास की गोली खाई थी। यह जानकारी मिलने के बाद स्वजन आक्रोशित हो गए।
परिजन का आरोप है कि पुरानी नौकरी छोड़ने के बाद मार्ट संचालक रुपयों के लेन-देन का हिसाब बताने लगा था। उनका कहना है कि जब तीन माह पहले ही जागेश्वर काम छोड़ चुका था और हिसाब भी हो चुका था, तो अब दोबारा रुपये मांगने का क्या औचित्य था। आरोप है कि संचालक उस दूसरी दुकान पर भी पहुंचा, जहां जागेश्वर काम कर रहा था। वहां उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकियां दीं। इसके बाद घर पहुंचकर भी उसे डराया गया। इस घटनाक्रम से वह मानसिक तनाव में था। इसी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन और ग्रामीणों ने शव रखकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की सूचना पर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रामनिवास पटेल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान भीड़ में से किसी व्यक्ति ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उनके समर्थक भी बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और नगर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में राजपूत समाज के लोगों ने घटना के विरोध में डीएसपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें- भोपाल में अवैध निर्माणों पर चला निगम का बुलडोजर, करोंद व खजूरी कलां में तोड़ी गईं कॉलोनियों की सड़कें
हरसूद पुलिस ने मर्ग जांच के बाद मार्ट संचालक आनंद पिता देवीसिंह राजपूत, निवासी बमनगांव, हाल मुकाम हरसूद के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। उपनिरीक्षक चंद्रशेखर कास्डे के अनुसार, जांच में सामने आया कि रुपयों के लेन-देन को लेकर संचालक मृतक की नई दुकान पर पहुंचा था और उसे धमकाया था। इसके बाद उसके घर जाकर भी धमकी देने की बात सामने आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।