
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। मध्य प्रदेश के सारनी स्थित कोल माइंस के 11 सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जीवनभर की जमा पूंजी हड़पने वाले ठग को बैतूल के विशेष न्यायालय (अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम) के न्यायाधीश रईस खान की अदालत ने कुल 120 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
दोषी चंद्रकिशोर देशमुख को आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) में पांच-पांच वर्ष की 10 सजाएं यानी कुल 50 वर्ष और आईपीसी की धारा 409 (आपराधिक विश्वासघात) में सात-सात वर्ष के कठोर कारावास की 10 सजाएं यानी कुल 70 वर्ष की सजा सुनाई है।
सहायक जिला अभियोजन अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि दोषी की सभी सजाएं क्रमशः यानी एक के बाद एक चलेंगी, जिससे कुल अवधि 120 वर्ष होगी। दोषी चंद्रकिशोर ने कुल एक करोड़ 13 लाख 60 हजार रुपये की ठगी की थी। ठगी की सारी धनराशि का अर्थदंड भी न्यायालय ने उस पर लगाया है। अर्थदंड की राशि पीड़ितों को प्रतिकर के रूप में दी जाएगी।
शासन की ओर से पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक शशिकांत नागले के अनुसार, सारनी के मठारदेव कॉलोनी निवासी चंद्रकिशोर देशमुख स्वयं को बैंक का फील्ड अफसर बताकर कोल माइंस के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अधिक ब्याज और रकम दोगुनी करने का लालच देता था। इसी झांसे में उसने कई कर्मचारियों से लाखों रुपये हड़प लिए। इसके बाद वह रकम लौटाने से मुकर गया।
कानूनी कार्रवाई की शुरुआत 19 अप्रैल 2018 को सेवानिवृत्त कर्मचारी लवटनराम की शिकायत से हुई थी। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी कि सेवानिवृत्ति के बाद डब्ल्यूसीएल से मिली 23 लाख रुपये की राशि में से 15 लाख रुपये उन्होंने चंद्रकिशोर को अधिक ब्याज के भरोसे दिए थे।
यह भी पढ़ें- भोपाल में पनीर की सब्जी में निकला लोहे का तार, दो रेस्टोरेंट की खाद्य विभाग ने की जांच, 5 सैंपल किए जब्त
विवेचना में आसाराम, वच्छला बाई, मनोज, कुमोद मुखर्जी, रामदुलारी बाई, अरविंद कुमार कुशवाहा सहित 11 सेवानिवृत्त कर्मचारियों से कुल एक करोड़ 13 लाख 50 हजार रुपये धोखाधड़ी से लेने का खुलासा हुआ। पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज करने के बाद विवेचना के दौरान चेक, बैंक दस्तावेज और पर्चियां जब्त कर साक्ष्य जुटाने के बाद न्यायालय में आरोप पत्र प्रस्तुत किया।