
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जिस भोजन के लिए ग्राहक पैसे चुकाता है, उसी थाली में अगर बर्तन साफ करने वाली तार का टुकड़ा निकल आए तो रेस्टोरेंट की रसोई की सफाई और निगरानी पर सवाल उठना लाजिमी है। जेके रोड स्थित आरआर राजोरिया रेस्टोरेंट में शुक्रवार को पनीर की सब्जी में तार मिलने की शिकायत ने खाद्य सुरक्षा प्रशासन को जांच के लिए पहुंचा दिया। टीम ने पास के डीके राजोरिया रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया और दोनों जगह से पांच खाद्य नमूने लिए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक ने बताया कि ग्राहक से मिली शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने जेके रोड स्थित आरआर राजोरिया रेस्टोरेंट की जांच की। शिकायत में यहां परोसी गई पनीर की सब्जी में बर्तन साफ करने वाली तार का टुकड़ा मिला था। टीम ने जांच कर पनीर की सब्जी, दाल और चावल के नमूने संग्रहीत किए।
इसके अलावा पास ही स्थित डीके राजोरिया रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया। यहां से पनीर और सोयाबीन तेल के नमूने लिए गए। सोयाबीन तेल पैक्ड अवस्था में मिला। संचालक ने इसे हनुमानगंज स्थित 'हे राम' प्रतिष्ठान से खरीदना बताया। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- MP Cold Wave Alert: बर्फीली हवाओं से ठिठुरा एमपी, भोपाल में लगातार तीन दिन शीतलहर, 4 जिलों में यलो अलर्ट
उन्होंने संचालकों को साफ-सफाई और खाद्य मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। रेस्टोरेंट संचालकों की जिम्मेदारी सिर्फ रिसेप्शन पर बैठकर बिल बनाने तक सीमित नहीं है। उन्हें किचन में खाद्य सामग्री की तैयारी, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और स्वच्छता की नियमित निगरानी भी करनी होगी।