30 दिनों में जमा किया 6 टन प्लास्टिक कचरा; धरती की सेवा के लिए बैतूल में '75 कदम' मिशन
75 कदम अभियान के तहत आयोजित धरती सेवा पदयात्रा में लगभग 5 से 6 हजार किलो प्लास्टिक, पॉलीथिन और डिस्पोजल कचरा एकत्र किया गया।
Publish Date: Sun, 01 Nov 2026 02:53:59 PM (IST)Updated Date: Sun, 01 Nov 2026 02:53:59 PM (IST)
औद्योगिक क्षेत्र से लेकर सड़क किनारे सफाई कर प्लास्टिक कचरा जुटाया गया और नगर पालिका को सौंपा गया। नईदुनिया।HighLights
- 30 दिनों में जुटाया 6 हजार किलो प्लास्टिक
- 75 कदम अभियान के तहत धरती सेवा पदयात्रा
- कचरा जुटाया गया और नगर पालिका को सौंपा
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। 75 कदम के पालीथिन मुक्त, कैंसर मुक्त मिशन के तहत आयोजित 30 दिवसीय धरती सेवा पदयात्रा का समापन हुआ। अंतिम दिन पुरानी एचएमटी फैक्ट्री से औद्योगिक क्षेत्र तक सड़क किनारे से 1,562 किलो पॉलीथिन, प्लास्टिक और डिस्पोजल सामग्री एकत्र कर नगर पालिका को सौंपी गई।
आयोजकों के अनुसार, अभियान के दौरान कुल लगभग 5 से 6 हजार किलो प्लास्टिक कचरा जुटाया गया।
घर-घर जाकर किया जागरूक
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर यह धरती सेवा की गई। अभियान से जुड़े लोगों ने नागरिकों, दुकानदारों और फल-सब्जी विक्रेताओं से सार्वजनिक स्थानों पर पॉलीथिन और प्लास्टिक कचरा न फेंकने तथा इनके उपयोग से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरे से मिट्टी की उर्वरता, पेड़-पौधों के विकास और नदियों के प्रवाह पर प्रतिकूल असर पड़ता है। मिशन के तहत धरती सेवा, नदी सेवा, घर-घर संपर्क और जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।
सोशल वर्कर और आमजन की मुहिम
अभियान में वृंदा सोशल फाउंडेशन, सक्षम संस्था, लाडो फाउंडेशन, राष्ट्रीय सेवा योजना, कलार समाज और मां माचना सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।
इनमें सक्षम संस्था के संयोजक सुनील हिरानी सीए, मां माचना सेवा समिति के संयोजक आनंद प्रजापति, लाडो फाउंडेशन के अनिल यादव, जेएच कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी प्रो. शंकर, कलार समाज बैतूल के अध्यक्ष तपन मालवीय और वृंदा सोशल फाउंडेशन के संचालक राहुल सिंह ठाकुर शामिल रहे।