भोपाल मेट्रो की राह से हटेंगी 80 आरा मशीनें; प्रशासन ने 10 पर जड़ा ताला, शिफ्टिंग की तैयारी
भोपाल के टिम्बर मार्केट क्षेत्र में जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 10 आरा मशीनें सील कर दीं। संचालकों को पहले ही बेदखली नोटिस जारी किए गए थे।
Publish Date: Sun, 01 Nov 2026 12:49:07 PM (IST)Updated Date: Sun, 01 Nov 2026 12:49:07 PM (IST)
आरा मशीनों को हटाने पहुंचा नगर निगम व प्रशासन का अमला तो संचालकों ने विरोध जताया। सौ- नगर निगमHighLights
- भोपाल के टिम्बर मार्केट क्षेत्र में एक्शन
- प्रशासन ने 10 आरा मशीनों पर की तालाबंदी
- विरोध के बाद पांच दिन की मोहलत दी गई है
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भारत टॉकीज से बोगदा पुल तक सड़क किनारे और निजी जमीन पर सालों से जमे आरा मशीन संचालकों पर आखिरकार जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को प्रशासनिक अमला कार्रवाई के लिए पहुंचा तो विरोध के कारण तत्काल बेदखली नहीं हो सकी।
निगम अमले ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर टिम्बर मार्केट क्षेत्र की 10 आरा मशीनों पर तालाबंदी कर दी। दस संचालकों को पहले ही बेदखली नोटिस जारी किए गए थे। संचालकों की मांग पर प्रशासन ने पांच दिन की मोहलत दी है। तहसीलदार ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद जगह खाली कराई जाएगी।
नोटिस के बाद भी शिफ्टिंग नहीं
तहसीलदार भूपेंद्र कैलासिया के अनुसार, नासिर उद्दीन की जमीन पर कब्जे को लेकर तहसीलदार न्यायालय में प्रकरण चल रहा था। दस कब्जेदारों से मालिकाना हक के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद बेदखली आदेश जारी किए गए।
इससे पहले 0.0495 हेक्टेयर जमीन के मामले में 16 अक्टूबर को भी बेदखली आदेश जारी हुआ था। इसमें रिजवान खान (फाइन टिम्बर) सहित संबंधित पक्षों को तीन दिन में जमीन खाली कर कब्जा आवेदकों को सौंपने के निर्देश दिए गए थे।
मेट्रो की राह से हटेंगी 80 आरा मशीनें
भारत टॉकीज से बोगदा पुल तक करीब 40 साल से संचालित लगभग 80 आरा मशीनों को मेट्रो परियोजना के कारण हटाया जाना है। इन्हें परवलिया सड़क स्थित छोटा रातीबड़ में शिफ्ट करने की योजना है। उद्योग विभाग ने अब तक 30 संचालकों को प्लाट आवंटित किए हैं। वहां शेड निर्माण का काम भी शुरू हो गया है, जबकि शेष संचालकों को प्लाट देने की प्रक्रिया जारी है।
दोहरी कार्रवाई से बढ़ा दबाव
एक ओर मेट्रो मार्ग खाली कराने की तैयारी है, दूसरी ओर निजी जमीन पर कब्जे के मामलों में बेदखली की कार्रवाई चल रही है। टिंबर एसोसिएशन के अध्यक्ष बद्र आलम का कहना है कि मेट्रो की जद में आने वाली आरा मशीनों की शिफ्टिंग शुरु कर दी गई है। अधिकतर ने यहां से काम बंद कर दिया है।