'टॉयलेट सीट में बैठा था 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा': बैतूल में बाल-बाल बचा परिवार, सर्पमित्र ने किया रेस्क्यू
बैतूल के सोनाघाटी में घर के शौचालय में जहरीला सांप दिखाई देने से परिवार में हड़कंप मच गया। सर्पमित्र ने सावधानीपूर्वक करीब पांच फीट लंबे कोबरा को पकड़...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 05 Oct 2026 04:02:07 PM (IST)Updated Date: Mon, 05 Oct 2026 04:02:07 PM (IST)
टॉयलेट सीट में पांच फीट का कोबरा बैठा था। नईदुनिया।HighLights
- टॉयलेट सीट में बैठा था पांच फीट का कोबरा
- सांप दिखाई देने से परिवार में हड़कंप मच गया
- कोबरा को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। रात के समय घर का टॉयलेट इस्तेमाल करने से पहले एक नजर आसपास जरूर डाल लें। बैतूल के सोनाघाटी इलाके में रविवार देर रात एक घर के शौचालय में करीब 5 फीट लंबा कोबरा दिखाई देने से परिवार में हड़कंप मच गया।
गनीमत रही कि समय रहते परिवार की नजर सांप पर पड़ गई और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार सोनाघाटी निवासी व्यवसायी के.के. मालवीय के घर के टॉयलेट में अचानक जहरीला कोबरा दिखाई दिया। सांप को देखते ही परिवार के लोग घबरा गए और उन्होंने तत्काल टॉयलेट से दूरी बना ली। कुछ ही देर में आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी हो गई।
सर्पमित्र ने किया रेस्क्यू
परिवार के लोगों ने इसकी सूचना सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा को दी। वे मौके पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
काफी प्रयास के बाद सर्पमित्र ने करीब पांच फीट लंबे कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। सांप के रेस्क्यू होने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। इस दौरान आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए और घर के टॉयलेट में कोबरा मिलने की घटना चर्चा का विषय बन गई।
सावधान रहने की सलाह
सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा ने लोगों से अपील की कि घर में सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। रात में टॉयलेट, जूते-चप्पल, लकड़ी के ढेर और घर के अन्य अंधेरे हिस्सों का इस्तेमाल करने से पहले सावधानी बरतें। सांप दिखाई देने पर तत्काल प्रशिक्षित सर्पमित्र या वन विभाग को सूचना दें।
रेस्क्यू के बाद कोबरा को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। घटना में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है।