नर्मदापुरम में आरक्षक की जांबाजी: गहरे कुएं में उतरकर अकेले पकड़ा अजगर, वही पुलिसकर्मी जिसने सांप को दिया था CPR
नर्मदापुरम के गुराड़िया गांव में करीब 12 से 13 फीट गहरे कुएं में गिरे लगभग 10 फीट लंबे अजगर को आरक्षक अतुल शर्मा ने सुरक्षित बाहर निकाला।
Publish Date: Mon, 28 Sep 2026 08:48:35 PM (IST)Updated Date: Mon, 28 Sep 2026 08:48:35 PM (IST)
कुएं में गिरे लगभग 10 फीट लंबे अजगर को आरक्षक अतुल शर्मा ने सुरक्षित बाहर निकाला। वीडियोग्रेब।HighLights
- गहरे कुएं में गिरे लगभग 10 फीट लंबे अजगर का रेस्क्यू
- आरक्षक अतुल शर्मा ने अकेले सांप को सुरक्षित बाहर निकाला
- पहले भी एक सांप को CPR देने का वीडियो वायरल हुआ था
नईदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। सेमरी हरचंद चौकी में पदस्थ आरक्षक अतुल शर्मा ने एक बार फिर अपनी बहादुरी और जीव-दया से लोगों का दिल जीत लिया है। उन्होंने ग्राम गुराड़िया में एक 12 से 13 फीट गहरे कुएं में गिरे लगभग 10 फीट लंबे और लगभग 20 किलो वजनी अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
ग्रामीणों द्वारा कुएं में अजगर होने की सूचना मिलते ही आरक्षक अतुल शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना किसी डर के रस्सी के सहारे गहरे कुएं में छलांग लगाई और अकेले ही अजगर को काबू में कर बोरी में भरकर बाहर निकाला। इसके बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
लोगों ने की तारीफ
वहां मौजूद ग्रामीणों ने इस पूरे रेस्क्यू का वीडियो बनाया और आरक्षक की जांबाजी की जमकर तारीफ की। आरक्षक अतुल शर्मा को सांप पकड़ने का लंबा अनुभव है।
आसपास के क्षेत्रों में सर्प मित्र न होने पर वे खुद रेस्क्यू के लिए आगे आते हैं। उन्होंने बताया कि खेतों में भोजन चूहे, मेंढक की तलाश में अक्सर सांप आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं।
सांप को दिया था सीपीआर
अतुल शर्मा लगभग तीन साल पहले भी सुर्खियों में आए थे, जब उनका एक सांप को सीपीआर देने का वीडियो वायरल हुआ था। उस समय कीटनाशक के असर से अचेत हुए एक सांप को उन्होंने अपने मुंह से सांस देकर बचा लिया था।
शर्मा ने ग्रामीणों से अपील की कि सांप दिखने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की गलती न करें, बल्कि विशेषज्ञ या पुलिस को सूचना दें।