
आमला (नवदुनिया न्यूज)। नगरपालिका में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने अपना कब्जा जमा लिया है। यहां कांग्रेस समर्थित वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद नितिन गाडरे अध्यक्ष और वार्ड क्रमांक 14 से निर्वाचित पार्षद किशोर माथनकर उपाध्यक्ष चुने गए। नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने निर्दलीय पार्षद को अपना प्रत्याशी बनाया था। इससे भाजपा के ही पार्षदों में अंदरूनी विरोध था और नगरपालिका अध्यक्ष के चुनाव के ऐन वक्त भाजपा में विरोधाभास खुलकर सामने भी आ गया। जबकि भाजपा ने अपने पार्षदों को पहले ही अज्ञातवास पर भेज दिया था। बताया जाता है कि चुनाव के ऐन वक्त भाजपा विधायक योगेश पंडाग्रे सभी आठ भाजपा पार्षद और दो निर्दलीय पार्षद को लेकर आमला पहुंचे थे। जिसके बाद भी भाजपा को बहुमत न मिलकर केवल छह मत मिलना, कहीं न कहीं भाजपा पार्षदों के भीतरघात का ही परिणाम है। खासबात यह है कि तीनों अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को छह-छह मत मिले है यानि भाजपा पार्षदों के मत कांग्रेस के पक्ष में पड़े हैं जिसकी वजह से ही सभी प्रत्याशियों को बराबर मत हासिल हुए।
कांग्रेस में जीत का जश्र, भाजपा मायूसः
नगरपालिका अध्यक्ष पद पर हारी हुई बाजी जीतकर आई कांग्रेस में जहां जश्र का माहौल है वहीं भाजपा को मायूसी छाई हुई है। दरअसल यह इसलिए भी कहा जा रहा है, क्योंकि नगर सरकार बनाने के लिए भाजपा को बहुमत के रूप में 10 वोट चाहिए थे और भाजपा के पास थे भी, लेकिन इसके बाद भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। इधर नगरपालिका की अध्यक्ष सीट कांग्रेस के पाले में जाने के बाद कांग्रेस में खुशी की लहर है। जैसे ही पर्ची से नितिन गाडरे का नाम अध्यक्ष के लिए सामने आया वैसे ही कांग्रेसियों ने खुशी की लहर दौड़ पड़ी। कांग्रेसियों ने अपनी जीत का जमकर जश्न मनाया। पटाखे फोड़े और मिटाई खिलाकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन गाडरे को जीत की बधाई दी। आमला नगरपालिका में अध्यक्ष के साथ-साथ उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया। उपाध्यक्ष के लिए भाजपा की ओर से वार्ड 11 की पार्षद ओमवती विश्वकर्मा और वार्ड क्रमांक दो के पार्षद संजय राठौर ने अपना नामांकन दाखिल किया, वहीं कांग्रेस की तरफ से वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद किशोर माथनकर ने नामांकन भरा। जिसमें कांग्रेस के किशोर माथनकर को आठ मत मिले, वहीं भाजपा की ओर से उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजय राठौर को सात और ओमवती विश्वकर्मा को मात्र तीन मत ही मिले। कांग्रेस की इस जीत को कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि मनोज मालवे, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज देशमुख के मार्गदर्शन और युवक कांग्रेस विधनसभा उपाध्यक्ष प्रदीप कोकाटे, मनीष नागले, अंकित सूर्यवंशी, यशवंत हडे सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं के सहयोग को जीत का श्रेय माना जा रहा है।
नगर का सर्वांगीण विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकताः
नपा अध्यक्ष नितिन गाडरे ने चर्चा में बताया कि नगर का सर्वांगीण विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। नगर की सड़कें, नाली निर्माण,पार्क का सुंदरीकरण, बस स्टैंड में कांप्लेक्स का निर्माण, शनिवार बाजार निर्माण, शहर को सुंदर स्वछ बनाने की योजना पर कार्य किया जाएगा। आमला की जनता आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि शहरवासियों और पार्षदों ने जो मुझ पर विश्वास किया है उसको तत्परता से पूरा किया जाएगा। जल्द ही शहर के विकास के कार्य शरू किए जाएंगे।