बैतूल मिशन स्कूल में पैरों के दर्द के इलाज के बहाने मतांतरण, हिंदू संगठनों के विरोध के बाद जांच शुरू
बैतूल के मिशन स्कूल में पैर दर्द के इलाज और नौकरी का प्रलोभन देकर कथित मतांतरण प्रयास का आरोप लगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
Publish Date: Mon, 28 Sep 2026 09:04:23 AM (IST)Updated Date: Mon, 28 Sep 2026 09:04:23 AM (IST)
बैतूल मिशन स्कूल में पैरों के दर्द के इलाज के बहाने मतांतरण। (नईदुनिया)HighLights
- पैर दर्द के इलाज के बहाने मतांतरण का आरोप लगा।
- नौकरी और पैसे का प्रलोभन देने का भी आरोप है।
- पुलिस ने शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल: नगर के सदर क्षेत्र में स्थित मिशन प्राथमिक शाला में मतांतरण कराने के प्रयास की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने ग्राम दनोरा निवासी सत्यम विश्वकर्मा की शिकायत पर कृष्ण कुमार शेषकर निवासी नायक चारसी एवं अन्य के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 299, धारा 3(5) तथा मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3 और 5 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पैर दर्द के इलाज और नौकरी का प्रलोभन
- सत्यम विश्वकर्मा ने पुलिस से की शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके दाहिने पैर में कई दिनों से दर्द था। इलाज की जानकारी मिलने पर वह सदर पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात कृष्ण कुमार शेषकर से हुई। आरोप है कि शेषकर ने उसे मिशन प्राथमिक शाला बुलाया।
रविवार सुबह करीब 11.30 बजे स्कूल पहुंचने पर उसे एक कमरे में ले जाया गया, जहां पहले से कई लोग मौजूद थे। कमरे में उससे कहा गया कि पैर का दर्द ठीक हो जाएगा, लेकिन इसके लिए उसे हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाना होगा। साथ ही नौकरी देने और अन्य लोगों को मतांतरण के लिए जोड़ने पर पैसे देने का प्रलोभन भी दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया ने बताया कि शिकायत पर अपराध दर्ज किया है। घटनाक्रम से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हिंदू संगठनों ने किया विरोध और हनुमान चालीसा का पाठ
- मतांतरण कराने की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मिशन स्कूल परिसर में पहुंच गए और विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने मौके पर हनुमान चालीसा का पाठ कर कथित मतांतरण की गतिविधि का विरोध जताया।
- राष्ट्रीय हिंदू सेना, हिंदू जागरण मंच और कोरकू समाज संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- बैतूल में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस देखने गई 17 वर्षीय छात्रा की अचानक मौत, परिजनों ने डीजे के तेज साउंड को बताया वजह