महंगाई के विरोध में कांग्रेसियों ने निकाली साइकिल रैली
मुलताई (नवदुनिया न्यूज)। बढ़ती महंगाई के साथ डीजल एवं पेट्रोल के दामों में हो रही रोजाना वृद्धि के विरोध में शनिवार को मुलताई में कांग्रेसियों ने आधे द ...और पढ़ें
By Nai Dunia News NetworkEdited By: Nai Dunia News Network
Publish Date: Sat, 20 Feb 2021 07:04:51 PM (IST)Updated Date: Sat, 20 Feb 2021 07:04:51 PM (IST)

मुलताई (नवदुनिया न्यूज)। बढ़ती महंगाई के साथ डीजल एवं पेट्रोल के दामों में हो रही रोजाना वृद्धि के विरोध में शनिवार को मुलताई में कांग्रेसियों ने आधे दिन का स्वैच्छिक बंद कराया और साइकिल रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।
साइकिल रैली में पूर्व मंत्री एवं विधायक सुखदेव पांसे सहित दर्जनों कांग्रेसी शामिल हुए। सभी ने रसोई गैस सहित डीजल एवं पेट्रोल के दामों को कम करने की मांग की। इन वस्तुओं की लगातार बढ़ रही कीमतों ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। एक ओर कोरोना के समय लगाए गए लॉकडाउन से लोग अभी तक नहीं उबर पाए हैं, उस पर बढ़ती महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ दी है।
पूर्व मंत्री एवं विधायक सुखदेव पांसे ने कहा कि मूलभूत आवश्यकता की वस्तुओं के मूल्य में बेतहाशा वृद्धि से आमजन परेशान है वहीं सरकार के खिलाफ रोष पनप रहा है। ब्लाक कांग्रेस कमेटी, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस सेवादल, एनएसयूआई एवं सभी मोर्चा संगठन, विभाग प्रकोष्ठ द्वारा पेट्रोल, डीजल तथा रसोई गैस की लगातार मूल्य वृद्धि का विरोध करते हुए साइकिल रैली निकाली। रैली के माध्यम से केंद्र सरकार को लोगों की परेशानियों से अवगत कराया गया। कांग्रेस द्वारा व्यापारियों से स्वेच्छा से आधा दिन तक बंद रखने की अपील की गई थी, ताकि मंहगाई का पुरजोर विरोध किया जाए। कांग्रेस की अपील पर नगर में व्यापारियों द्वारा अपनी दुकानें बंद रखीं और कांग्रेस के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। कांग्रेसी नेता सुमित शिवहरे ने बताया कि फव्वारा चौक मुलताई से सायकल यात्रा प्रारंभ होकर नगर के विभिन्ना मार्गों से गुजरी।नगर में प्रति शनिवार बाजार बंद रहने का नियम है लेकिन इसके बावजूद भी दुकानदारों द्वारा दुकानें खोली जाती हैं। कांग्रेस की अपील पर शनिवार को नगर में व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं और समर्थन दिया।