बैतूल में स्कूल से घर पहुंचते ही 4 बच्चों को होने लगीं उल्टियां; रतनजोत के बीज खाने से बिगड़ी तबीयत, इलाज जारी
स्कूल से घर पहुंचने के कुछ समय बाद चारों बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। बच्चों को उल्टियां होने पर परिजन घबरा गए और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 04:53:10 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 04:53:10 PM (IST)
जिला अस्पताल में बच्चों का इलाज जारी है। नईदुनिया।HighLights
- स्कूल में चार बच्चों ने खाए रतनजोत के बीज
- घर पहुंचने के बाद उल्टियां होने पर बिगड़ी तबीयत
- 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। जिले के साईखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम जावरा स्थित प्राथमिक शाला में गुरुवार शाम चार बच्चों ने खेल-खेल में रतनजोत के बीज खा लिए। स्कूल से घर पहुंचने के बाद अचानक बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां होने लगीं।
परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से देर रात चारों बच्चों को जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
खेल-खेल में खा लिए जहरीले बीज
जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार शाम करीब 4 बजे की है। स्कूल में मौजूद कक्षा पांचवीं के छात्र तनिशा रावत (11), राजवंश वोकडे (10) और कक्षा दूसरी के छात्र गौरव ठाकरे (8) व नैतिक सरिया (8) ने खेल-खेल में रतनजोत के बीज का सेवन कर लिया। बच्चों को उस समय इसकी गंभीरता का अंदाजा नहीं था।
स्कूल से घर पहुंचने के कुछ समय बाद चारों बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। बच्चों को उल्टियां होने पर परिजन घबरा गए और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। 108 एंबुलेंस की सहायता से चारों बच्चों को जिला अस्पताल बैतूल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया।
बच्चों की हालत में सुधार
जिला अस्पताल में बच्चों का लगातार उपचार और निगरानी की जा रही है। डॉक्टर जगदीश घोरे ने बताया कि फिलहाल चारों बच्चों की हालत ठीक है। डॉक्टरों की टीम बच्चों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है।
घटना के बाद बच्चों के परिजनों में चिंता का माहौल रहा। रतनजोत के बीज का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में बच्चों को अनजान पौधों, बीज और फलों को बिना जानकारी के खाने से रोकना जरूरी है।