
नवदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। दीपावली के दौरान पटाखों से आग लगने की आशंका के बीच शहर में अलग-अलग स्थानों पर आगजनी की तीन घटनाएं सामने आईं। सबसे गंभीर घटना कालापाठा स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी कार्यालय में हुई, जहां पुराने दस्तावेजों के कक्ष में लगी आग से वर्ष 2020 तक का विभागीय रिकॉर्ड जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार दस्तावेज कक्ष में रात के समय अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल दल मौके पर पहुंचा और दो से तीन बार आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि कक्ष में रखे कागजात अंदर ही अंदर सुलगते रहे। सोमवार सुबह करीब 7 बजे एक बार फिर आग की लपटें उठने लगीं।
इसके बाद दमकल दल को दोबारा बुलाया गया और काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। फायरमैन विशाल खरे के मुताबिक, आग बुझाने के लिए टीम को दो बार मौके पर पहुंचना पड़ा। विभागीय कर्मचारी राजेंद्र मसतकर ने भी रात से सुबह तक आग के दोबारा भड़कने की जानकारी दी।
सीडीपीओ निर्मल सिंह ठाकुर ने बताया कि वे फिलहाल मंडला में हैं। सोमवार सुबह करीब 7 बजे कार्यालय के बाबू ने उन्हें फोन पर आग की दोबारा घटना की सूचना दी। बताया गया कि संबंधित कक्ष में ग्रामीण कार्यालय से जुड़े पुराने विभागीय दस्तावेज रखे हुए थे। आसपास पटाखे फोड़े जाने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी तक आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- इटारसी में पुराने हत्याकांड में समझौते को लेकर विवाद, कोर्ट में गवाही न देने पर युवक का फोड़ा सिर
इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। महिला एवं बाल विकास विभाग के पुराने दस्तावेजों का जलना गंभीर मामला है। वर्ष 2020 तक का रिकॉर्ड नष्ट होने से विभागीय अभिलेखों की सुरक्षा और उनके संरक्षण की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शहर में आगजनी की दो अन्य घटनाएं भी हुईं। कांतिलाल मेडिकल के सर्जिकल सामान के गोदाम की छत पर आग लग गई। संचालक हितेश मेहता के अनुसार सूचना मिलते ही दमकल दल मौके पर पहुंच गया, जिससे समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा नुकसान टल गया। इसी तरह लश्करे अस्पताल परिसर में कचरे में आग लगने की घटना हुई। यहां भी आग को जल्द बुझा लिया गया और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।