
नईदुनिया प्रतिनिधि, सारनी। थाना क्षेत्र की शोभापुर कालोनी में वेकोलि कर्मी के घर का दरवाजा काटकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में चौंकाने वाली बात सामने आई है कि चोरी की वारदात के लिए घरों की रेकी आरोपित की मां करती थी, जबकि बेटा अपनी पत्नी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देता था। पुलिस ने मामले में मां, बेटे और बहू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने के आभूषण सहित करीब आठ लाख रुपये की सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर की रात शोभापुर कालोनी निवासी डब्ल्यूसीएल पाथाखेड़ा के चीफ मैनेजर माइनिंग डी. नंदकुमार के घर में चोरी की वारदात हुई थी। चोरों ने घर के पीछे का दरवाजा गैस कटर से काटकर अंदर प्रवेश किया। पूजा वाले कमरे में सो रही बुजुर्ग महिला के हाथ से दो सोने के कंगन और गले से सोने की चेन काट ली और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सात अक्टूबर को ग्राम सलैया में ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने के मामले में गिरफ्तार अमित पिता पंचम मालवीय (36) निवासी मैग्जीन कालोनी, पाथाखेड़ा से पूछताछ की। पूछताछ में अमित ने शोभापुर कालोनी में हुई चोरी की वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। अमित ने पूछताछ में बताया कि उसने रात में कटर की मदद से घर का दरवाजा काटकर प्रवेश किया था। इसके बाद सो रही महिला के हाथ और गले से कटर की सहायता से सोने के दो कंगन और एक चेन काटकर चोरी की थी।
पुलिस के अनुसार आरोपित अमित की मां सकुन पति पंचम मालवीय (56) ऐसे मकानों की रेकी करती थी, जहां चोरी की जा सकती थी। वह घर और वहां रहने वाले लोगों की गतिविधियों की जानकारी अपने बेटे अमित और बहू आरती पति अमित मालवीय (23) को देती थी। इसके बाद अमित अपनी पत्नी आरती के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी की इस पूरी साजिश में मां की भूमिका रेकी करने की थी, जबकि बेटा और बहू मौके पर पहुंचकर वारदात को अंजाम देते थे।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर सराफा में चोरी करने वाली 'भाई-बहन गैंग' गिरफ्तार, गहने खरीदने के बहाने उड़ाते थे सोना
पुलिस ने पूछताछ और जांच के आधार पर अमित की पत्नी आरती मालवीय और उसकी मां सकुन मालवीय को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपित अमित मालवीय की निशानदेही पर पुलिस ने दो सोने के कंगन, एक सोने की चेन, एक वाकी-टाकी, दो मैनपैक सेट, छह मोबाइल फोन और दो चार्जर बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपित अमित पिता पंचम मालवीय के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों (सारनी आमला कोतवाली एवं मुलताई)में चोरी एवं नकबजनी से संबंधित लगभग 17 अपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।