
नवदुनिया प्रतिनिधि, मुलताई। प्रभात पट्टन विकासखंड के गौनापुर स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक का ड्यूटी के दौरान कच्ची शराब पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। वीडियो में शिक्षक कुछ लोगों के साथ शराब पीते और वीडियो बनाने वाले को धमकी देते दिखाई दे रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षक का नाम रमेश सूर्यवंशी बताया जा रहा है। वह करीब दो-तीन माह पहले ही गौनापुर शाला में पदस्थ हुए हैं। ड्यूटी के समय शराब पीने के इस वीडियो से शिक्षक के आचरण और विद्यार्थियों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर सवाल उठे हैं।
प्रभात पट्टन के प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी आशीषचंद्र शर्मा ने बताया कि सालबर्डी में पदस्थ रहने के दौरान भी शिक्षक के खिलाफ शिकायतें मिली थीं। गौनापुर में शराब पीने का वीडियो सामने आने के बाद मामले की जांच की जा रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों की शालाओं में निरीक्षण की कमी के कारण शिक्षकों की मनमानी की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। आदिवासी अंचलों की शालाओं में शिक्षकों के शराब पीने और अनुपस्थित रहने की शिकायतें भी मिली हैं। शाला समय में शराब सेवन को गंभीर अनियमितता बताते हुए इसे शिक्षकीय जिम्मेदारी और विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़ा मामला माना जा रहा है।