
राजेश शर्मा, नईदुनिया, राजगढ़। राजगढ़ जिले से होकर गुजरने वाली भिंड-रतलाम व रतलाम-भिंड एक्सप्रेस का नंबर अगले वर्ष 2027 में 1 जनवरी से बदलने जा रहा है। वर्तमान में जिन नंबरों के साथ गाड़ी संचालित हो रही है, अब जनवरी से वे नंबर हटा दिए जाएंगे, जबकि नए नंबर जारी किए जा रहे हैं। ऐसे में रेलवे ने यात्रियों से आह्वान किया है कि नंबर बदलने की स्थिति में आप असमंजस में न पड़ें।
उल्लेखनीय है कि रतलाम से चलकर भिंड जाने वाली ट्रेन संख्या 21125 प्रतिदिन शाम 5.25 बजे रतलाम से भिंड के लिए रवाना होती है। यह गाड़ी राजगढ़ जिले के सारंगपुर, पचोर व ब्यावरा स्टेशनों से होकर गुजरती है। इस ट्रेन का गाड़ी संख्या बदलकर 11051 किया जा रहा है, जो 1 जनवरी 2027 से लागू होगा।
इसी प्रकार भिंड से रतलाम के लिए जाने वाली गाड़ी संख्या 21126 प्रतिदिन शाम 5.20 बजे भिंड से रतलाम के लिए रवाना होती है। यह भी राजगढ़ जिले के ब्यावरा, पचोर व सारंगपुर रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरती है। इसका नया नंबर 11052 किया गया है, जो 2 जनवरी से लागू रहेगा।
गाड़ी संख्या 21126 भिंड से प्रतिदिन शाम 5.20 बजे रतलाम के लिए रवाना होती है, जो कि रात 7.40 बजे ग्वालियर पहुंचती है। इसके बाद वहां से बढ़कर रात 11.55 बजे गुना पहुंचती है व रात 12 बजे गुना से आगे बढ़ती है। जो कि रात 1.06 बजे चांचौड़ा पहुंचती है। वहां से रात 1.41 बजे राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्टेशन पर पहुंचती है, जहां से दो मिनट के स्टॉपेज के बाद 1.43 बजे आगे बढ़ती है। जो कि रात 2.08 बजे पचोर पहुंचती है। वहां से 2.10 बजे बढ़ती है, जो कि रात 2.32 बजे सारंगपुर पहुंचती है। यहां से 2.34 बजे आगे बढ़ती है। इसके बाद सुबह 5 बजे उज्जैन व सुबह 10 बजे रतलाम पहुंचती है।
रतलाम से भिंड जाने वाली ट्रेन संख्या 21125 शाम 5.25 बजे रवाना होती है, जो कि रात 9.40 बजे उज्जैन पहुंचती है व रात 12.06 बजे जिले के सारंगपुर स्टेशन पर पहुंचती है। इसके बाद वहां से बढ़कर 12.32 बजे पचोर व फिर रात 1.08 बजे ब्यावरा रेलवे स्टेशन पहुंचती है। यहां से गुना होते हुए भिंड के लिए आगे बढ़ती है।
भिंड-रतलाम व रतलाम-भिंड एक्सप्रेस से जिले के काफी यात्री सफर करते हैं। खास बात यह है कि दोनों ही ट्रेनें जिलेवासियों के लिए काफी उपयोगी हैं। भिंड से रतलाम जाने वाली गाड़ी देर रात को जिले से होकर गुजरती है, ऐसे में सुबह-सुबह उज्जैन व इंदौर पहुंचती है। जिसके कारण सुबह के समय उज्जैन-इंदौर जाने वाले काफी व्यापारी, विद्यार्थी व आमजन इससे सफर करते हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी के पर्यटन स्थलों पर तैनात होंगे AI गाइड, 130 भाषाओं में देंगे जवाब, उज्जैन सिंहस्थ 2028 में भी होगा उपयोग
साथ ही दिनभर में काम से फ्री होने के बाद रतलाम से भिंड जाने वाली ट्रेन रात को इंदौर व उज्जैन स्टेशनों से वापसी के लिए मिलती है। ऐसे में वापसी वाली ट्रेन से यात्री काफी संख्या में वापस जिले में आते हैं। रेलवे का मानना है कि यात्री गाड़ी संख्या के चलते असमंजस में न पड़ें, इसलिए पहले से ही बदले हुए नंबर जारी किए जा रहे हैं, ताकि जनवरी तक यात्री आसानी से नए नंबर के बारे में समझ सकें।
(रतलाम-भिंड एक्सप्रेस का अभी नंबर है 21125, एक जनवरी से रहेगा 11051। भिंड-रतलाम एक्सप्रेस का अभी नंबर है 21126, दो जनवरी से रहेगा 11052।)