
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुलताई। नगर में गुरुवार रात अचानक आए तेज कंपन्न ने क्षेत्र में दहशत फैला दी। रात करीब 11.24 बजे एक जोरदार आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद धरती कांपने लगी। कंपन्न इतना तेज था कि घरों की दीवारें और सामान कुछ सेकेंड के लिए थरथरा उठे। नींद में सो रहे और जाग रहे लोग अनहोनी की आशंका में तुरंत अपने घरों से बाहर खुले मैदान की ओर भाग निकले।
भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग सहम गए और एक-दूसरे का हाल जानने के लिए फोन कॉल्स का दौर शुरू हो गया। नगर के मध्य क्षेत्र में रहने वाले लोगों ने बताया कि पहले एक बहुत तेज आवाज हुई, जिसके बाद आए झटकों से सब कुछ हिलने लगा। देखते ही देखते सोशल मीडिया पर मुलताई में भूकंप की खबरें और अनुभव साझा होने लगे। लोगों में इस बात को लेकर भ्रम और डर बना रहा कि यह आवाज और कंपन किस वजह से हुआ।
यह भी पढ़ें- इंदौर को मिलेगी बड़ी सौगात, केशरबाग रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा 30 करोड़ का ओवरब्रिज, 5 अप्रैल को भूमिपूजन
हैरानी और चिंता की बात यह है कि पिछले कुछ समय के अंतराल में मुलताई में कंपन्न का यह तीसरा झटका महसूस किया गया है। बार-बार हो रहे इस भौगोलिक हलचल से स्थानीय निवासियों में गहरा भय व्याप्त है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है कि यह कंपन्न वास्तव में भूकंप की वजह से था या इसके पीछे कोई और अन्य कारण रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग से इसकी जांच की उम्मीद जताई जा रही है।