नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। बैतूल जिले में प्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में जंगल सफारी शुरू करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। शनिवार को महुपानी के जंगलों में सफारी का ट्रायल किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों और स्कूल के बच्चों के साथ जिप्सी से जंगल की सैर की।
इस दौरान लगभग 28 किलोमीटर के सफारी मार्ग का भ्रमण कर प्राकृतिक स्थलों और वन्यजीवों की मौजूदगी का जायजा लिया गया। मध्यप्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में सफारी शुरू होने से जिले में पर्यटन की नई संभावनाएं विकसित होने की उम्मीद है।
सफारी ट्रायल के दौरान दक्षिण वन मंडल के धावड़ा, गौनीघाट, कोलूढाना, धावड़ाखार और आसपास के वन क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। इस दौरान घोड़ीदेव व्यू पाइंट सहित जंगल के विभिन्न प्राकृतिक स्थलों को देखा गया।
क्षेत्र में हिरण, सांभर, लोमड़ी सहित कई वन्यजीवों और पक्षियों की विविध प्रजातियां मौजूद हैं। प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध जैव विविधता के कारण यह क्षेत्र प्रकृति प्रेमियों और वन्यजीवों में रुचि रखने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है।
42 लाख से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन
जंगल सफारी की सुविधाएं विकसित करने के लिए शनिवार को महुपानी में सफारी गेट, टिकट काउंटर और अन्य बुनियादी सुविधाओं के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों पर 42 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। हेमंत खंडेलवाल ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इन सुविधाओं के तैयार होने के बाद पर्यटकों के लिए सफारी संचालन का रास्ता आसान होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की योजना भी बनाई गई है। वन विभाग आसपास के गांवों के 27 युवाओं को जंगल सफारी गाइड का प्रशिक्षण दे रहा है। प्रशिक्षित युवा पर्यटकों को वन्यजीवों, पक्षियों, पेड़-पौधों और प्राकृतिक स्थलों की जानकारी देंगे। युवाओं को जिप्सी संचालन और ड्राइविंग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
सफारी का संचालन स्थानीय समिति के माध्यम से किया जाएगा। इससे गाइड, जिप्सी चालक और समिति के सदस्यों को आर्थिक लाभ मिल सकेगा। खंडेलवाल ने अपनी ओर से समिति को एक जिप्सी उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही जिप्सी खरीदने के इच्छुक ग्रामीणों को आर्थिक सहयोग और ऋण सुविधा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
जनजातीय परिवारों के लिए बनेंगे होमस्टे
पर्यटन का लाभ सीधे स्थानीय परिवारों तक पहुंचाने के लिए जनजातीय परिवारों को समूहों में संगठित कर सुरक्षित और सुविधायुक्त होमस्टे विकसित किए जाएंगे। यहां पर्यटक स्थानीय परिवेश और जनजातीय जीवनशैली का अनुभव कर सकेंगे। इससे ग्रामीण परिवारों को पर्यटकों के ठहरने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के माध्यम से आय का अवसर मिलेगा।
बटरफ्लाई पार्क और व्यू पाइंट भी होंगे विकसित
ताप्ती रिजर्व में पर्यटन के नए आकर्षण विकसित करने के लिए दो स्थानों पर बटरफ्लाई पार्क बनाने की योजना है। लगभग दो से तीन एकड़ क्षेत्र में तितलियों के अनुकूल प्राकृतिक वातावरण तैयार किया जाएगा। इसके अलावा बोरनाला और गौनीघाट में डोम विकसित करने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। घास के मैदानों और विभिन्न व्यू पाइंट्स को भी विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व और बटरफ्लाई पार्क के विकास के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। वन विभाग और पर्यटन विभाग कर्नाटक की तर्ज पर समन्वय बनाकर पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की कार्ययोजना तैयार कर रहा है।